नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: भारतीय नौसेना ने अग्निवीर योजना (Indian Navy Agniveer Recruitment 2026) के तहत नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार 12वीं पास साइंस स्ट्रीम के युवाओं के लिए नौसेना में शामिल होने का बड़ा अवसर सामने आया है।
भर्ती के तहत सीनियर सेकंडरी रिक्रूट (SSR) और मैट्रिक रिक्रूट (MR) पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हालांकि, अभी पदों की संख्या जारी नहीं की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि छह अप्रैल निर्धारित की गई है।
SSR और MR पदों के लिए आवेदन
नौसेना की इस भर्ती में महिला उम्मीदवारों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। वे SSR और MR दोनों पदों के लिए आवेदन कर सकती हैं। हालांकि SSR मेडिकल असिस्टेंट पद के लिए केवल अविवाहित पुरुष उम्मीदवार ही पात्र होंगे।
चयन प्रक्रिया के दो चरण
भर्ती प्रक्रिया को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन के बाद स्टेज-एक परीक्षा होगी, जिसमें 30 मिनट में 50 प्रश्न हल करने होंगे। यह परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी। जिन उम्मीदवारों के पास NCC ‘C’ सर्टिफिकेट है, उन्हें स्टेज-एक परीक्षा से छूट दी जाएगी।
दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे। मेडिकल टेस्ट में असफल होने पर उम्मीदवार का चयन निरस्त कर दिया जाएगा।
फिजिकल टेस्ट के मानक
पुरुष उम्मीदवारों के लिए 1,600 मीटर दौड़ छह मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसके अलावा 20 स्क्वेट्स, 15 पुशअप्स और 16 सिटअप्स करने होंगे।
महिला उम्मीदवारों के लिए 1,600 मीटर दौड़ आठ मिनट में पूरी करनी होगी। साथ ही 15 स्क्वेट्स, पुशअप्स और 10 सिटअप्स अनिवार्य हैं।
शैक्षिक योग्यता और वेतन
SSR पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है, जिसमें गणित और फिजिक्स के साथ केमिस्ट्री, बायोलॉजी या कंप्यूटर साइंस में से एक विषय होना चाहिए। चयनित अग्निवीरों को चार साल तक सेवा का अवसर मिलेगा। पहले वर्ष 30,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा, जो बाद में बढ़कर 40,000 रुपये तक हो जाएगा।