नईदुनिया नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। कड़ी सुरक्षा और ड्रेस कोड नियमों के बीच छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा 26 अप्रैल को मंडी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा जिले के 41 केंद्रों में आयोजित हुई। सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गई थी। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ा।
वहीं नियमों का पालन नहीं करने वाले कई अभ्यर्थियों को भी केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। रविवार को सीजी व्यापमं द्वारा मंडी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा एक पाली में आयोजित की गई। व्यापमं ने गर्मी को देखते हुए इस परीक्षा के समय में बदलाव किया और सुबह 11 बजे होने वाली परीक्षा को एक घंटा पहले 10 बजे से आयोजित किया।
साढ़े नौ बजे के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया
केंद्रों में सुबह साढ़े नौ बजे के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। अभ्य र्थियों को परीक्षा में केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने की अनुमति थी। वहीं काला, जामुनी, मैरून, बैंगनी, गहरा नीला, हरा और चाकलेटी जैसे गहरे रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।
इसके अलावा जूते, बेल्ट, घड़ी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद कई अभ्यर्थी नियमों के विपरीत परिधान में केंद्र पहुंचे। जिससे उन्हें बाहर रोका गया और परेशानी का सामना करना पड़ा।
महिला अभ्यर्थियों को केंद्र के बाहर आभूषण उतारने पड़े
महिला अभ्यर्थियों को केंद्र के बाहर ही अपने आभूषण उतारने पड़े। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों के बेल्ट और जूते निकलवाने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। मूल पहचान पत्र और व्यापमं की प्रति नहीं लाने वाले अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। नियमों का पालन करने के लिए कुछ महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने मौके पर ही फुल आस्तीन वाले कपड़ों को कैंची से काटकर आधी बांह में बदल लिया।
41 केंद्रों में 6874 ने दी परीक्षा, 2939 रहे अनुपस्थित
जिले के 41 परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से मंडी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इसमें पंजीकृत कुल 9813 में 6874 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 2939 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। आठ परीक्षा केंद्रों में 100 और उससे अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिसमें बीसीएस पीजी कालेज धमतरी में 101, एनआरएम शासकीय कन्या महाविद्यालय में 115, डॉ शोभाराम देवांगन स्कूल धमतरी में 105, शिव सिंह वर्मा स्कूल में 108, नत्थूजी जगताप स्कूल में 100, मॉडल इंग्लिश स्कूल सोरिद नगर 111, मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल रत्नाबांधा चौक 108 और एकलव्य आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में 115 सहित अन्य केंद्रों में भी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
गणित, सामान्य अध्ययन और समसामयिकी की प्रश्नों में उलझे अभ्यर्थी
शिव सिंह वर्मा स्कूल से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मध्यम स्तर का बताया। वहीं गणित, सामान्य अध्ययन और समसामयिकी के कुछ प्रश्न समय लेने वाले रहे। धमतरी निवासी दिनेश्वर सलाम के अनुसार पेपर सरल था और अच्छी तैयारी वाले अभ्यर्थियों के लिए अनुकूल रहा। वहीं छुरा की रामेश्वरी ध्रुव ने गणित, कथन और कारण एवं करंट अफेयर्स के प्रश्नों को कठिन बताया।