
एज्यूकेशन डेस्क। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, 76,184 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और शारीरिक मानक परीक्षण (Physical Standard Test) के लिए सफल घोषित किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की शुरुआत 17 अगस्त 2026 से होगी। जो उम्मीदवार डीवी और पीएसटी में सफल होंगे, केवल वही शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल हो सकेंगे।
भर्ती बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार, इस बार दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) का आयोजन पहले किया जाएगा। यह प्रक्रिया 17 अगस्त से प्रस्तावित है। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा। पीईटी का आयोजन सितंबर 2026 में होने की संभावना है।
डीवी और पीएसटी के लिए प्रवेश पत्र परीक्षा शुरू होने से करीब 10 दिन पहले जारी किए जा सकते हैं। ऐसे में उम्मीद है कि 7 या 8 अगस्त तक एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से बोर्ड की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
इस चरण में सबसे पहले उम्मीदवारों के शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण होगा, जिसमें लंबाई, वजन और पुरुष अभ्यर्थियों की छाती की माप की जाएगी। निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले उम्मीदवार ही पीईटी के लिए पात्र माने जाएंगे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार के स्कूलों में प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल बनने का सुनहरा मौका, 14 अगस्त तक करें आवेदन