विनय यादव, नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कम उम्र में दिल की बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इंदौर के एमजीएम मेडिकल कालेज के फारेंसिक मेडिसिन विभाग द्वारा किए गए शोध में सामने आया है कि 20 वर्ष से कम आयु में ही हृदय की धमनियों में ब्लाकेज शुरू हो रहा है और 29 वर्ष तक पहुंचते-पहुंचते यह गंभीर स्तर तक पहुंच रहा है। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि 12 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 16 मामलों में से चार में ब्लाकेज पाया गया, यानी हर चौथे युवा में यह समस्या दिखी।
यह शोध डा. अंकिता खमेले ने विभागाध्यक्ष डा. बजरंग कुमार सिंह और डा. सुनील कुमार सोनी के मार्गदर्शन में किया। वर्ष 2025 में 12 वर्ष से अधिक आयु के 200 शव परीक्षणों पर आधारित अध्ययन में 85 मामलों में धमनियों में ब्लाकेज मिला, जिनमें 26 की मौत हार्ट अटैक से हुई।
अध्ययन के अनुसार 20 वर्ष से कम आयु में ग्रेड एक और दो का ब्लाकेज पाया गया, जबकि 21 वर्ष में ग्रेड तीन और 29 वर्ष तक पहुंचते-पहुंचते ग्रेड चार यानी गंभीर स्थिति सामने आई। विशेषज्ञों के मुताबिक बदलती जीवनशैली, जंक फूड और मोटापा कम उम्र में ही दिल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। समय रहते इन आदतों पर नियंत्रण जरूरी है, ताकि हार्ट अटैक जैसे जोखिम को कम किया जा सके।
मांसाहारियों में ज्यादा ब्लाकेज, शाकाहार में जोखिम कम
शोध में पाया गया कि मांसाहार करने वाले 54 प्रतिशत लोगों में ब्लाकेज था, जबकि शाकाहारियों में यह आंकड़ा 46 प्रतिशत रहा। इससे खानपान और दिल की सेहत के बीच सीधा संबंध सामने आता है।
परिवार में इतिहास नहीं, फिर भी दिल बीमार
61 प्रतिशत मामलों में परिवार में हृदय रोग का कोई इतिहास नहीं मिला, जबकि 39 प्रतिशत में ही पारिवारिक पृष्ठभूमि थी। इससे स्पष्ट है कि केवल आनुवंशिक कारण ही नहीं, बल्कि जीवनशैली भी बड़ा कारक है।
मधुमेह और उच्च रक्तचाप से बढ़ा खतरा
उच्च रक्तचाप से पीड़ित 31 में से 15 और मधुमेह के 26 में से 10 मामलों में ब्लाकेज मिला। दोनों बीमारियों से ग्रस्त 18 में से 9 मामलों में धमनियां प्रभावित थीं। विशेषज्ञ नियमित जांच की सलाह देते हैं।
कई धमनियों में ब्लाकेज, बढ़ी गंभीरता
85 में से 43 मामलों में एक से अधिक धमनियों में ब्लाकेज पाया गया, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
विशेषज्ञों की सलाह
डा. अंकिता खमेले के अनुसार, कम उम्र में बढ़ते ब्लाकेज को रोकने के लिए खानपान और जीवनशैली में बदलाव जरूरी है। मोटापा और जंकफूड पर नियंत्रण ही सबसे बड़ा बचाव है।
उम्र के साथ खतरा
- 20 साल: ग्रेड 1 और 2
- 21 साल: ग्रेड 3
- 29 साल: ग्रेड 4
धमनियों में ब्लाकेज की ग्रेडिंग
- ग्रेड 1: 25% से कम
- ग्रेड 2: 25–50%
- ग्रेड 3: 51–75%
- ग्रेड 4: 75–100%
अब खतरे में युवाओं की सेहत! 30 की उम्र पार करते ही घेर रही हैं गंभीर बीमारियां, एक्सपर्ट्स बोले- सबसे बड़ा हेल्थ रिस्क एज टाइम