
लाइफस्टाइल डेस्क। गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और तरोताजा रखना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में बाजार की कोल्ड ड्रिंक्स की बजाय घर की बनी ठंडाई सेहत और स्वाद दोनों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। अगर आप भी बाजार जैसा स्वाद घर पर चाहते हैं, तो आसानी से ठंडाई मसाला तैयार कर सकते हैं।
ठंडाई सिर्फ स्वादिष्ट ड्रिंक ही नहीं, बल्कि गर्मी से राहत दिलाने वाला पारंपरिक पेय भी माना जाता है। मेवे, बीज और सुगंधित मसालों से तैयार यह मसाला शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी बनाए रखने में भी मदद करता है।

सबसे पहले बादाम, काजू, पिस्ता, खरबूजे के बीज और सौंफ को धीमी आंच पर हल्का भून लें। ध्यान रखें कि सामग्री का रंग न बदले, सिर्फ नमी खत्म हो जाए।
अब इन्हें ठंडा होने दें। इसके बाद मिक्सी के जार में भुने हुए मेवे, खसखस, काली मिर्च, इलायची, गुलाब की पंखुड़ियां, केसर और जायफल डालकर पीस लें।
मिक्सी को लगातार चलाने की बजाय पल्स मोड पर चलाएं, ताकि मेवे तेल न छोड़ें और मसाला पाउडर जैसा बना रहे। तैयार मसाले को एयरटाइट जार में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं। यह 2 से 3 महीने तक सुरक्षित रहता है।
एक गिलास ठंडे दूध में 2 बड़े चम्मच ठंडाई मसाला और स्वादानुसार चीनी या मिश्री मिलाएं। इसे कुछ मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छे से घुल जाए। फिर बर्फ डालकर सर्व करें।
सौंफ, खसखस और गुलाब की पंखुड़ियां शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाने में मदद करती हैं।
मेवों से भरपूर होने के कारण यह गर्मी में होने वाली कमजोरी और थकान को दूर करने में सहायक मानी जाती है।
इलायची, केसर और मेवों का मिश्रण तनाव कम करने और मन को शांत रखने में मदद करता है। गर्मियों में मिलावटी और ज्यादा शक्कर वाली ड्रिंक्स की बजाय घर की बनी ठंडाई को अपनी डाइट का हिस्सा बनाकर स्वाद और सेहत दोनों का फायदा उठाया जा सकता है।