
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। राखी पर अब सिर्फ राखी, मिठाई और चाकलेट का डिब्बा देकर काम नहीं चल रहा। भाई-बहन के रिश्ते में गिफ्ट भी अब उनकी पसंद, व्यक्तित्व और यादों के हिसाब से चुना जा रहा है। इस रक्षाबंधन बाजार में कस्टमाइज्ड गिफ्ट बाक्स, एस्थेटिक हैम्पर से लेकर एनीमे कैरेक्टर फिगर्स तक गिफ्टिंग का हिस्सा बन रहे हैं। इसके अलावा भाई-बहन दोनों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जांच पैकेज भी गिफ्ट कर रहे हैं। प्यार के साथ सेहत को लेकर भी हो रहे जागरूक। यानी इस बार गिफ्ट में सिर्फ सामान नहीं, बल्कि भाई-बहन की पसंद और पर्सनैलिटी भी पैक हो रही है।
गिफ्टिंग में सबसे खास बदलाव कस्टमाइजेशन का है। ग्राहक अपनी पसंद से बाक्स में सामान चुन रहे हैं। किसी भाई को चाॅकलेट पसंद है तो वह रखी जा सकती है, किसी को परफ्यूम, वालेट, काफी या कोई दूसरी उपयोगी चीज पसंद है तो उसे भी हैम्पर का हिस्सा बनाया जा रहा है। इसके बाद इन चीजों को एस्थेटिक पैकेजिंग के साथ सजाकर तैयार किया जाता है। फोटो फ्रेम, पर्सनल नोट और दूसरी छोटी चीजें जोड़कर इसे और खास बनाया जा रहा है।
गिफ्ट विक्रेता मोहित गुप्ता बताते हैं कि इस बार गिफ्ट बाक्स को कस्टमाइज करवाने का ट्रेंड ज्यादा देखने को मिल रहा है। ग्राहक पहले से तैयार हैम्पर लेने के बजाय अपनी पसंद की चीजें चुनकर बाक्स तैयार करवा रहे हैं। खास बात यह है कि अब बहनें भी भाइयों के लिए उनकी पसंद की चीजों से गिफ्ट बाक्स तैयार करवा रही हैं। एस्थेटिक पैकेजिंग के कारण सामान्य चीजें भी प्रीमियम गिफ्ट जैसी नजर आती हैं।


ऑनलाइन और सोशल मीडिया पर भी क्यूरेटेड राखी हैम्पर नजर आ रहे हैं। इनमें राखी के साथ डार्क चाकलेट, कैंडल, सोप, हेयर क्ला सेट, एंटी-टार्निश पेंडेंट और दूसरी छोटी चीजें शामिल हैं। कुछ हैम्पर में कपड़े का पाउच, पर्सनल नोट और चाकलेट को खूबसूरत बास्केट में सजाया गया है। ऐसे एक राखी हैम्पर की कीमत उसमें शामिल चीजों के आघार पर तय की जा रही है।
फोटो गिफ्ट भी राखी पर नया चलन बनकर सामने आया है। एक बाक्स खोलने पर उसमें लगी तस्वीरों की लंबी स्ट्रिप धीरे-धीरे बाहर आती है। यानी गिफ्ट खोलने के साथ भाई-बहन की यादें भी खुलती जाती हैं। वहीं फोटो वाला एलईडी लैंप भी ट्रेंड़ में है, जिसमें भाई की तस्वीर के साथ खास संदेश लिखवाया जा सकता है।
पर्सनलाइज्ड हैंड-एंब्रायडर्ड रुमाल भी इस बार खास गिफ्ट के तौर में अपनी जगह बनाया हुआ है। इसमें ‘बेस्ट ब्रदर एवर’ या ‘थैंक यू फार बीइंग माई स्ट्रेंथ’ जैसे संदेशों के साथ नाम, शुरुआती अक्षर या कोई खास संदेश कढ़वाया जा रहा है। यानी गिफ्ट ऐसा, जो इस्तेमाल के साथ रिश्ते की याद भी संभालकर रखे। राखी की गिफ्टिंग का नया फंडा साफ है अब बाजार से कोई भी डिब्बा उठाने के बजाय गिफ्ट सामने वाले की पसंद, शौक और पर्सनैलिटी देखकर तैयार कराया जा रहा है।
इस रक्षाबंधन भाई-बहन एक-दूसरे को कपड़े या मिठाई जैसे आम गिफ्ट देने के बजाय हेल्थ चेकअप पैक भी तोहफा की तरह दे रहे हैं। उम्र और जरूरत के अनुसार ब्लड शुगर, कोलेस्ट्राल, रक्तचाप जैसी सामान्य जांच करवाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है। यह उम्रतराज भाई-बहनों के बीच खास ट्रेंड में है।