
राहुल रैकवार, नईदुनिया, जबलपुर। संस्कारधानी में इन दिनों हो रही रिमझिम फुहारों के बीच सुहावने मौसम का मजा दोगुना करने के लिए शहरवासी सड़कों पर निकल रहे हैं। ऐसे खुशनुमा माहौल में हाईवे और प्रमुख सड़कों के किनारे गरमा-गरम स्वीट काॅर्न का आनंद लेने का चलन तेजी से बढ़ गया है।
बारिश की बूंदों के बीच चटपटे भुट्टे का स्वाद हर किसी की पहली पसंद बना हुआ है। ठेले वाले स्वीट काॅर्न को अच्छी तरह उबालकर उसमें देशी घी या मक्खन का तड़का लगाते हैं। इसके बाद नीबू का रस, हरी मिर्च और बारीक कटे प्याज के साथ तीखे-चटपटे मसालों का मिलाजुला मिश्रण तैयार कर इसे गरमा-गरम परोसते हैं।
शहर में सबसे ज्यादा चहल-पहल सदर और नर्मदा रोड क्षेत्र में देखने को मिल रही है। शाम ढलते ही इन इलाकों में सड़क किनारे गाड़ियों की कतारें लग जाती हैं। लोग अपने स्वजन और दोस्तों के साथ मौसम का लुत्फ उठाने और स्वीट काॅर्न का जायका लेने पहुंच रहे हैं।
सदर और नर्मदा रोड के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी देर रात तक स्वीट काॅर्न प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्वीट कार्न से बनने वाले विभिन्न व्यंजनों में 'स्वीट काॅर्न चाट' की मांग सबसे अधिक है। भुट्टे से बने जायके 20 रुपये से लेकर 50 और 100 रुपये तक में उपलब्ध हैं।
नींबू की खटास और मसालों के चटपटेपन के साथ तैयार होने वाली यह चाट शहरवासियों की जीभ पर चढ़ चुकी है। विक्रेताओं का कहना है कि बारिश का मौसम शुरू होते ही स्वीट काॅर्न की मांग में भारी इजाफा हुआ है। रिमझिम फुहारों के बीच दोस्तों और स्वजन के साथ खड़े होकर स्वीट काॅर्न चाट की हर एक चुस्की, मौसम के इस सुहावने अहसास को और यादगार बना देती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रक्षाबंधन शॉपिंग बाजार में रौनक, भाई की पसंद राखियां चुन रही हैं बहनें