
लाइफस्टाइल डेस्क। शहरी जीवनशैली में बढ़ती सीटिंग जॉब लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल रही है। इसके कारण लोग मोटापे का शिकार हो रहे हैं, जिससे हृदय रोग, मधुमेह, फैटी लिवर आदि बीमारियों का भी खतरा बढ़ता जा रहा है। इंदौर में भी सीटिंग जॉब का चलन काफी बढ़ गया है, जिसके कारण लोगों की आसीन जीवनशैली हो गई है।
हालिया स्टडीज के अनुसार यदि व्यक्ति दिन में 8 से 10 घंटे या उससे अधिक समय तक बैठता है, तो नियमित जिम या एक्सरसाइज भी स्वास्थ्य जोखिम को पूरी तरह कम नहीं कर पाती। 10 घंटे से ज्यादा बैठने पर हार्ट फेलियर का खतरा 40% तक बढ़ सकता है।
दुनिया में 31% यानी करीब 1.8 अरब वयस्क पर्याप्त शारीरिक गतिविधि नहीं करते, जबकि भारत में 40% से अधिक लोग निष्क्रिय हैं। लंबे समय तक बैठने से मेटाबोलिज्म धीमा होता है, मसल एक्टिविटी घटती है और अर्ली एजिंग के लक्षण दिखने लगते हैं। विशेषज्ञ इसे “न्यू स्मोकिंग” मानते हैं, क्योंकि इससे मृत्यु का खतरा 20–30% तक बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक सीटिंग जॉब के दौरान अधिकांश लोग कुर्सी पर घंटों तक एक ही पोश्चर में बैठे रहते हैं, जिसके कारण मोटापे का खतरा बढ़ता है। सीटिंग जॉब के दौरान 30 मिनट के बाद कुर्सी से उठकर पैदल चलना चाहिए। पोश्चर को भी बदलते रहना चाहिए।
इसके अलावा लोग खानपान का भी ध्यान नहीं रखते हैं। खाना खाने के बाद भी जंकफूड या पैकेज्ड फूड का सेवन करते हैं। इसे लेकर जागरूक होने की आवश्यकता है।
विशेषज्ञों ने बताया कि हमारे पास जो मरीज मोटापे की समस्या को लेकर आते हैं, उनमें से 50 प्रतिशत मरीज सीटिंग जॉब करते हैं। मोटापा कम करने के लिए अब इंजेक्शन भी आ गया है, लेकिन यह काफी महंगा होता है। वहीं इंजेक्शन लगवाना बंद करने के बाद फिर से वजन बढ़ जाता है।
मोटापा कम करने के लिए सबसे जरूरी हमारी जीवनशैली में परिवर्तन करना है। घर पर बने पौष्टिक आहार का सेवन करना फायदेमंद होता है, लेकिन लोग जंकफूड और मिठाइयों का अधिक सेवन करते हैं।
केस 1 - विजय नगर क्षेत्र में रहने वाले 34 वर्षीय आईटी इंजीनियर पिछले आठ साल से मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रहे हैं। रोजाना 9–10 घंटे लैपटॉप पर बैठकर काम करना पड़ता है। जिम भी जाते थे, लेकिन वजन 72 से बढ़कर 92 किलो हो गया। जांच में प्री-डायबिटीज और फैटी लिवर आया।
केस 2 - राजवाड़ा क्षेत्र की एक महिला बैंक अधिकारी रोज 8–9 घंटे कुर्सी पर बैठती थीं। घर का काम भी नहीं करती थीं, जिसके कारण मोटापे का शिकार हो गईं। इससे ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल बढ़ गया। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि हार्ट रिस्क बढ़ रहा है।
केस 3 - भंवरकुआं क्षेत्र का रहने वाला 30 वर्षीय युवक बीपीओ सेक्टर में काम करता है। पिछले तीन वर्षों से नाइट शिफ्ट कर रहा है, जिसके कारण नींद पूरी नहीं होती थी और देर रात तक जंकफूड की आदत पड़ गई। तीन वर्षों में 20 किलो वजन बढ़ गया, जिसके कारण सांस फूलना और थकान शुरू हो गई।
'जिम जाना अच्छी बात है, लेकिन दिन के बाकी 10 घंटे अगर हम कुर्सी पर बैठे रहते हैं, तो सीटिंग जॉब करने से बड़ी मांसपेशियां निष्क्रिय हो जाती हैं। जिसके कारण हृदय, लिवर आदि से जुड़ी समस्या होने लगती है। यदि अच्छी आदत अपनाएंगे तो आराम मिलेगा। सीटिंग जॉब के दौरान 30 मिनट बाद पांच मिनट तक चलें। जंकफूड खाने से बचें।' - डॉ. अचल अग्रवाल, पेट रोग विशेषज्ञ
'सीटिंग जॉब के कारण आसीन जीवनशैली हो गई है। पहले लोगों की शारीरिक गतिविधियां अधिक होती थीं, लेकिन अब बैठकर काम करना पड़ता है। ऐसा जरूरी नहीं है कि सिर्फ जिम जाने से ही फिट रहेंगे। हमें जीवनशैली में सुधार करने की आवश्यकता है। रोजाना व्यायाम करना चाहिए और पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए।' - डॉ. राकेश शिवहरे, पेट रोग विशेषज्ञ