

नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा ब्लॉक में बैगा आदिवासी बहुल गांवों में रहस्यमय बुखार से प्रभावित 30 और बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो माह के भीतर 8 बच्चों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की अब तक की जांच में बीमारी का पता नहीं लगाया जा सका है।
अब तक आठ गांव प्रभावित बताए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की 20 टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त ने प्रभावित गांवों का दौरा कर मरीजों व चिकित्सीय उपायों का हाल जाना। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
शुक्रवार को स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस. ने प्रभावित गांव कुंडेकसा, बोंदारी, मछुरदा, गठिया, घुम्मुर, मतला, कोरका व कोहनीमोडटोला का दौरा किया। उन्हें स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार रात 30 नए बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए।
शुक्रवार शाम तक कुल 39 बच्चों का उपचार जारी रहा। कुल भर्ती बच्चों में 12 आईसीयू में हैं। जिन बच्चों की मौत हुई और जो बीमार हैं, उनमें तेज बुखार, सर्दी-जुकाम, खुजली-दाने हैं, लेकिन मौत का असल कारण अब भी अज्ञात है। इन गांवों में 20 टीमें घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं, तो 10 चिकित्सा अधिकारियों और चार एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
कुंडेकसा में अस्थाई अस्पताल भी खोला गया है। भोपाल और जबलपुर की टीमें जांच कर वापस लौट चुकी हैं। स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस. ने प्रभावित ग्रामों के प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता व बीमार पड़ने पर अस्पताल में उपचार कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
मानव अधिकार आयोग मित्र फिरोजा खान ने बताया कि आयोग ने कलेक्टर और सीएमएचओ से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने कलेक्टर को दो सप्ताह और सीएमएचओ को एक सप्ताह के भीतर जांच कार्रवाई पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 20 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित, 4 को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और 16 को सराहनीय सेवा पदक की घोषणा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बैगा बहुल गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति जानी। उमंग ने कहा कि इन गांवों में आठ नहीं, बल्कि 19 बच्चों की मौतें हो चुकी हैं। सरकार आंकड़े छिपा रही है। सिंघार ने कहा कि अगर भाजपा में बैगाओं के प्रति इतना ही दयाभाव है, तो पीड़ितों को 10 से 20 लाख रुपये की सहायता करे।