
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बालाघाट जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाकामठी में मंगलवार रात एक ट्रैक्टर चालक ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले (47) को कुचलने का प्रयास किया, जिसमें राजेश्वर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जवान को बेहतर इलाज के लिए गोंदिया के निजी अस्पताल रेफर किया गया है। प्रधान आरक्षक के साथ पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा भी गोंदिया के लिए रवाना हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में भीड़ लग गई।
मौके पर आईजी ललित शाक्यवार, डीआईजी विनीत जैन, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, एएसपी निहित उपाध्याय, एसडीओपी, सीएसपी सहित कोतवाली, भरवेली और लालबर्रा पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी एकत्र हो गए। सीएमएचओ डा. परेश उपलप के अनुसार, जवान की स्थिति स्थिर है।
ट्रैक्टर के सामने का हिस्सा लगने ने राजेश्वर की पसली में गंभीर फ्रैक्चर है। प्रधान आरक्षक का उपचार करने वाले शुभम लिल्हारे ने बताया कि छाती के बाईं तरफ दो-तीन पसलियां फ्रेक्चर है। इससे फेफड़ों को नुकसान होने की संभावना है। सीटी स्कैन में अंदरूनी रक्तस्राव नहीं है। जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ है, उसका उपयोग रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था। हालांकि, घटना के वक्त ट्रैक्टर खाली था।
पलाकामठी में ट्रेक्टर चालक ने हादसा कारित करते हुए प्रधान आरक्षक को घायल किया है। जवान की हालत स्थिर है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोंदिया भेजा गया है। उनके साथ बालाघाट एसपी भी हैं। ट्रैक्टर किसी टेकाम का है, जिसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
ललित शाक्यवार, आईजी, बालाघाट रेंज