
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट/परसवाड़ा। जिले में एक बार फिर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आग का गोला बनी मारुति वेन में फंसकर एक व्यक्ति जिंदा जल गया, और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना परसवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम खर्रा के समीप 19 मई की अलसुबह चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया कि ओमनी में सवार व्यक्ति मंडला की ओर जा रहा था।

ग्राम खर्रा के समीप ओमनी पलट गई और आग का गोला बन गई। वाहन के पलटने से उसमे सवार चालक फंस गया और आग की चपेट में आने से वह भी जिंदा जल गया।
जब तक लोगों ने देखा काफी देर हो चुकी थी।वाहन में फंसे चालक की जलने से मौत हो गई। प्रथम दृष्टया घटना वाहन के तेज गति से चलने के कारण प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर जिस तरह से दूर तक घसीटती गई मारुति ओमनी के निशान है। जिसके बाद एक पेड़ से टकराने के निशान से प्रतीत होता है।
वाहन तेज गति में रहा होगा, ऐसे कयास ये भी लगाए जा रहे है कि संभवतः नींद के झोंके के चलते यह घटना घटित हुई है। मारुति वेन एक एंबुलेंस बताई जा रही है, जो नागपुर से किसी मरीज को लेकर परसवाड़ा के समीप तक छोड़ने आया हुआ था।
मरीज को छोड़ने के बाद वापस हो रहा था। तभी तेज रफ्तार के कहर से यह घटना घटित हो गई। पुलिस की पड़ताल के दौरान मृतक वाहन चालक माइकल अंतुने मोरिस 56 वर्ष कौशल्या नगर नागपुर थाना अंजनी पुलिस थाना निवासी है। पुलिस ने परिजनों को खबर कर दी है।
घटनास्थल पर मिले फोन से मृतक वाहन चालक का पता चला। वाहन चालक एंबुलेंस चलाता था। सोमवार को वह एक मरीज को लेकर नागपुर से परसवाड़ा थानातंर्गत ग्राम संतरीटोला आया हुआ था।
ग्राम संतरीटोला निवासी कमलेश कुशरे ने बताया कि उनके साथी का नागपुर में एक्सीडेंट हो गया था, जिसे लेकर सोमवार को वे लोग इसी एंबुलेंस से ग्राम संतरीटोला करीब दो बजे रात्रि में पहुंचे थे। जिसके बाद एंबुलेंस चालक भी वहीं सो गया, लेकिन वहां से कब उठकर निकल गया, पता नहीं चला। सुबह घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भेजा है।
ग्राम खर्रा के समीप एक एंबुलेंस पलटने से उसमें आग लगने से चालक की जलने से मौत हो गई। एंबुलेंस चालक मरीज को नागपुर से छोड़ने क्षेत्र के संतरीटोला आया था। यह हादसा कैसे हुआ। उसकी जांच की जा रही है।
मदन इवने, थाना प्रभारी, परसवाड़ा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नागा घाटी मोड़ बना दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पाट, मंडला रोड पर पांच वाहन भिड़े