
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। ये चोरी दक्षिण भारत की मोस्ट वांटेड ‘शेट्टी गैंग’ ने की थी। यह वही गैंग है, जिसकी देश के सात राज्यों की पुलिस को तलाश थी।
मुख्य आरोपित वेंकटेशन पिता रंगनाथन पर 32 प्रकरण दर्ज हैं। वेंकटेशन ने बालाघाट सहित चेन्नई, बेंगलुरू, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बड़ी चोरियां की थी।
एसपी आदित्य मिश्रा ने रविवार को बताया कि बालाघाट में आरोपित ने चंद्रपुर महाराष्ट्र में रहने वाले अपने साले प्रभु पिता सुब्रमण्यम सानिपति और राकेश सानिपति के साथ 12.57 लाख रुपये कीमत के जेवर चुराए थे।
प्रार्थी आंचल बिसेन की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच की गई। 21 दिनों तक कोतवाली पुलिस हैदराबाद, चेन्नई में रही और साक्ष्य एकत्र किए। वेंकटेशन और प्रभु सानिपति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।जबकि राकेश सानिपति फरार है, जिसकी तलाश जारी है। तीनों आरोपित चंद्रपुर से गोंदिया और फिर बालाघाट पहुंचे थे।
एसपी मिश्रा ने बताया कि आरोपित का पूरा खानदान चोरी की घटनाओं में लिप्त रहा है। परिवार के सभी सदस्यों पर 10-12 प्रकरण दर्ज हैं।
आरोपित वेंकटेशन का स्टेट हाई प्रोफाइल था। वह हर तीसरे दिन अपने परिवार के साथ हैदराबाद के माल में पीवीआर सिनेमा में फिल्में देखता था। उसकी पत्नी के बैंक के लिंक्ड अकाउंट में पैसों का लेनदेन होता था।
बैंक खाते में बार-बार बुक माय शो के मैसेज आते थे। पुलिस ने बुक माय शो से जानकारी निकाली। बुकिंग आइडी की विवेचना की और अहम सुराग जुटाए। जांच में पता चला कि आरोपित चुराए गए सोने को दक्षिण भारत की अटीका गोल्ड फाइनेंस कंपनी में सोने के बदले नकदी लेता था।
ये कंपनी कर्नाटक में पंजीबद्ध है। पुलिस ने पत्नी के बैंक अकाउंट में जमा 10 लाख रुपये न्यायालय से फ्रीज कराए हैं। आरोपित ने पश्चिम बंगाल से पांच लाख रुपये में एक डग्गा खरीदा था, जिसे जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर की सड़कों पर 15 दिनों में दौड़ेगी 20 इलेक्ट्रिक बसें... जाम से मिलेगी मुक्ति, ये रहेगा रूट