
नईदुनिया प्रतिनिधि,बालाघाट। जीएसटी में गड़बड़ी को लेकर जीएसटी की टीम के द्वारा लगातार बालाघाट पहुंचकर छापामार कार्रवाई की जा रही है। इस बार सेंट्रल जीएसटी की टीम ने नगर में अन्नपूर्णा मां मंदिर के समीप संचालित करणी ज्वलेर्स की दुकान में पहुंचकर कार्रवाई शुरू की है, हालांकि कार्रवाई के दौरान मीडियाकर्मियों के पहुंचती है टीम के द्वारा दुकान का शटर भी बंद कर दिया गया।
अस्टिेंट कमिश्नर सेंट्रल जीएसटी डिवीजन छिंदवाड़ा व जबलपुर की टीम ने करणी ज्वलेर्स की दुकान में बुधवार को दोपहर करीब चार बजे के बाद से यह कार्रवाई शुरू की गई है, कार्रवाई को लेकर मिली जानकारी के अनुसार रिटर्न जमा करने में गड़बड़ी मिलने पर सेंट्रल जीएसटी की टीम के द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।
यहां सेंट्रल जीएसटी के अधिकारी अनूप सिंह गौर ने कार्रवाई को लेकर बताया कि करीब सात सदस्यीय टीम कार्रवाई के लिए करणी ज्वलेर्स पहुंची है, और दस्तावेजों की जांच टीम के द्वारा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई शुरु है इसलिए क्या कमियां मिली है, यह कहना मुश्किल है उनके बताए अनुसार यह कार्रवाई देररात तक जारी रह सकती है। बता दें कि हाल ही में दो स्थानों पर जीएसटी की टीम ने छापामार कार्रवाई कर जीएसटी वसूलने की कार्रवाई की हैं।