
नईदुनिया प्रतिनिधि,बालाघाट। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ढीमरटोला स्थित पीएम आवास कालोनी में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक 15 वर्षीय छात्र यूनिक उर्फ साहिल उरकुड़े ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 9वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा में असफल होने के बाद मानसिक रूप से परेशान था।
यूनिक नगर के सांदीपनी स्कूल में 9 वीं कक्षा का छात्र था। मुख्य परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने के बाद उसने पुनः परीक्षा दी थी। 25 जून को घोषित परिणाम में वह सफल नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि इसी बात से वह तनाव में था।
पिता संदीप उरकुड़े ने बताया कि यूनिक अक्सर कमरे का दरवाजा बंद कर सो जाता था। शनिवार को काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसी के घर की खिड़की से झांककर देखा गया। अंदर वह पंखे से फंदे पर लटका मिला। जिसे तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ने बताया कि उन्हें बेटे के परीक्षा परिणाम की सीधी जानकारी नहीं थी। संभवतः यूनिक को अपने दोस्तों के माध्यम से परिणाम का पता चला था, जिसके बाद वह परेशान रहने लगा। घटना से पहले उसने अपनी छोटी बहन को मोबाइल देते हुए कहा था कि वह सोने जा रहा है और उसे परेशान न किया जाए।
इससे पहले वह कालोनी में बच्चों के साथ खेल रहा था।अस्पताल चौकी के प्रधान आरक्षक सूर्यकांत मरकाम ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीएम आवास कालोनी में किसी किशोर द्वारा परीक्षा परिणाम से आहत होकर आत्महत्या का यह पहला मामला है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- मानसून के पहले कर लें तैयारी, सही पौधा चुनने से देखभाल तक की योजना, पढ़ें क्या है हरियाली का मंत्र