
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटंगी/बालाघाट। बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जाम में स्थित प्राचीन जामेश्वर मंदिर के भीतर मौजूद राम भक्त हनुमान जी की मूर्ति को अज्ञात के द्वारा आटे का लेप लगाकर आग लगा दी गई। इसके बाद से हिंदू धार्मिक संगठनों में नाराजगी बनी है। संगठन के माध्यम से थाना प्रभारी और एसडीएम को आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पूर्व में ज्ञापन भी सौंपा। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जिससे विभिन्न हिंदू संगठनों के आव्हान पर 20 मार्च शुक्रवार को कटंगी शहर के व्यापारियों ने सहयोग कर सुबह से अपनी प्रतिष्ठान बंद रखे है। बंद को लेकर एक दिन पूर्व ही बैठक आयोजित की गई थी। बंद के दौरान कटंगी के सिनेमा चौक में सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। पूरा शहर बंद होने से हर चौक चौराहों में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोमवार दरमियानी रात्रि में अज्ञात लोगों ने ग्राम जाम के प्राचीन जामेश्वर मंदिर में विराजित हनुमान जी की मूर्ति को आग लगाकर जला दी गई। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे मंदिर के पुजारी टोरूमल राहंगडाले की बहू ज्ञानता बाई राहंगडाले जो मंदिर में पानी लेने के लिए गई हुई थी। उन्होंने मूर्ति को जली हुई अवस्था में देखा और वापस घर की तरफ लौटकर सभी को पूरी बात बताई। जिसके बाद धीरे-धीरे पूरे गांव में मूर्ति में आग लगाने की खबर फैल गई।
पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने पर सबसे पहले कटंगी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना ना हो, इससे निपटने के लिए तिरोड़ी और अन्य थानों का पुलिस बल भी घटनास्थल पर बुलाया गया था। ग्रामीणों ने तब दो घंटे आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया था, पर पुलिस ने आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करवा दिया था, लेकिन चार दिन हो गए आरोपित पुलिस पकड़ से बाहर है।