
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। नगरीय क्षेत्र के बुढ़ी इलाके में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहा महिलाओं का आंदोलन गुरुवार को एक अनोखे मोड़ पर पहुंच गया। धरना स्थल पर एक महिला ने अपने शराबी पति को खंभे से बांध दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खंभे से बंधे व्यक्ति की पहचान संजू चौधरी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी ने आरोप लगाया कि शराब ने उनके परिवार की खुशियों को छीन लिया है। जब वह खुद शराबबंदी की लड़ाई लड़ रही हैं, तब उनका पति शराब पीकर आंदोलन की भावना को कमजोर कर रहा है।
महिलाएं पिछले 80 दिनों से बुढ़ी क्षेत्र में 45 साल से संचालित शराब दुकान को हटाने के लिए धरने पर बैठी हैं। उनका कहना है कि शराब के कारण परिवार बिखर रहे हैं और घरेलू हिंसा बढ़ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजू चौधरी नशे की हालत में धरना स्थल पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे, जिससे नाराज महिलाओं ने उनके मुंह पर टेप चिपका दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और संजू को छुड़ाया। आंदोलन में शामिल महिला मंजीता सोनवाने ने कहा, "जब तक दुकान नहीं हटेगी, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।" महिलाओं ने चेतावनी दी है कि शराब पीकर आंदोलन में बाधा डालने वालों के साथ ऐसा ही व्यवहार होगा।