
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट/कटंगी। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जराहमोहगांव अंतर्गत लाखीटोला में एक पिता ने अपने दो बच्चों को कमर में रस्सी बांधकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
कुएं में कूदने से पूर्व इंटरनेट मीडिया यानी व्हाट्सएप पर एक स्टेट्स लगाया था कि नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता। इस स्टेट्स को देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर खोजबीन शुरू की गई, लेकिन रात्रि में कही शव नहीं मिले।

बुधवार को गांव के पटबर्रा मैदान में सालों पुराने कुएं में शव देखे गए। पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जराहमोहगांव के लाखीटोला निवासी श्याम पिता भागवत नागेन्द्र 40 वर्ष पूर्व में एक निजी कंपनी में कंप्यूटर आपरेटर के रूप में कार्यरत था, उसके बाद एलआईसी अभिकर्ता का काम कर रहा था।
मंगलवार को गांव में दो जगह शादी समारोह होने से घर के लोग समझे कि श्याम नागेन्द्र अपने पुत्र वंश नागेन्द्र 5 वर्ष और पुत्री भूरि नागेन्द्र 3 वर्ष को लेकर गया होगा, लेकिन जब लोगों ने स्टेट्स देखा तो लोगों को आश्चर्य होने लगा।
तीनों की तलाश की जा रही थी। श्याम नागेन्द्र का किसी से कोई झगड़ा विवाद नहीं था और नहीं उसका मानसिक संतुलन खराब था, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जराहमोहगांव के लाखीटोला में एक पिता, उसके पुत्र, पुत्री के कुएं में शव मिले है। मृतक ने मरने के पूर्व स्टेट्स भी रखा था। तीनों के शव बरामद कर लिए है। मामले में जांच जारी है।
धर्मेंद्र कुसराम, थाना प्रभारी, कटंगी।
यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, जबलपुर के मझगवां में शैलवारा उपसरपंच पर कार्रवाई