
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। गुना में सड़क न बनने पर वोट न देने की बात सुनकर एक युवक पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भड़क गए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी तरह की घटना बालाघाट जिले के कटंगी से भी सामने आई है, जहां 18 सितंबर को भावांतर योजना को लेकर हुई बैठक में एक किसान ने बिजली की समस्या पर कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी से सवाल पूछ लिया, जिस पर विधायक झल्ला गए।
उन्होंने कहा- जाओ, जाकर कहीं और बोलना, मुझसे जरूरी बात करो। बीच-बीच में टोकना बंद करो। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
इस पर विधायक पारधी का कहना है कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। यह बैठक कटंगी के पंवार मंगल भवन में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के तत्वावधान में भावांतर योजना को लेकर हुई थी। इसमें लगभग 300 किसान शामिल हुए थे।
विधायक ने बताया कि वहां भावांतर पर चर्चा करने के बजाय फीडर विभक्तिकरण योजना को लेकर मुद्दा बनाया जा रहा था। मैंने किसानों को बताया कि फीडर विभक्तिकरण योजना वर्ष 2010 की है और मैं विधायक 2023 में बना हूं। मेरे गांव (अंसेरा) में 2013 से दस घंटे बिजली मिल रही है। मैं इस योजना में कैसे कोई बदलाव कर सकता हूं।
यह भी पढ़ें- कचरे से अब होगी बंपर कमाई, 23,731 करोड़ रुपये की 'गोबर-धन' योजना लागू, गांव में खुलेंगे कमाई के रास्ते
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के अध्यक्ष खोवेंद्र तुरकर ने विधायक की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विधायक को इस लहजे में नहीं बोलना चाहिए था। खोवेंद्र ने बताया कि बैठक में विधायक ने किसानों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने पठार क्षेत्र, जमुनिया और आसपास के गांवों में वन्यजीवों से फसलों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए सोलर फेंसिंग के प्रयास करने की बात कही।
कीट और बीमारियों से फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर भी सर्वे कराने का भरोसा दिया। बैठक में किसानों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर विधायक को ज्ञापन भी सौंपा। विधायक के अनुसार, जो किसान बिजली समस्या पर बार-बार सवाल पूछ रहा था, वह भाजपा विरोधी है। बैठक के बाद अन्य किसानों ने रोका-टोकी करने पर उसे डांटा भी।