बालाघाट में तोता पकड़ने गए दो किशोरों की करंट लगने से मौत, जंगली सूअर से फसल बचाने खेत में बिछाया था बिजली का तार
किरनापुर थाना के ग्राम बोंडुदाकला में गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे एक ह्रदयविदारक घटना सामने आई हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 19 Mar 2026 03:14:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Mar 2026 03:14:32 PM (IST)
तोता पकड़ने गए दो किशोरों की करंट लगने से मौत।HighLights
- तोता पकड़ने गए दो किशोरों की करंट लगने से मौत।
- जंगली सूअर से फसल बचाने खेत में बिछाया बिजली का तार।
- परिजनों का बुरा हाल, गांव में छाया मातम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। किरनापुर थाना के ग्राम बोंडुदाकला में गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में किन्ही के पेड़ पर तोता पकड़ने गए दो किशोरों की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
बताया गया कि जंगली सूअर से फसल को बचाने के लिए खेत मालिक ने फेंसिंग में विद्युत करंट लगाया था, जिसकी चपेट में दोनों किशोर आ गए।
तोता पकड़ने गए थे किशोर, बिजली आते ही हुआ हादसा
पुलिस ने सूचना मिलने पर दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए किरनापुर अस्पताल भेजा गया। ग्राम बोंडुदाकला निवासी उज्जवल (पिता सुरेश शरणागत, 16 वर्ष) और स्नेहल (पिता जयराम पटले, 14 वर्ष) दोनों साथ में गांव के ही टेकचंद इठोले के खेत में तोता पकड़ने के लिए गए थे।
बताया जा रहा है कि सुबह गांव में नौ बजे तक बिजली गुल रहती है और रोजाना साढ़े नौ बजे बिजली आ जाती है। दोनों किशोर जैसे ही तोता पकड़ने के लिए खेत में गए, तभी बिजली आने से करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।
परिजनों का बुरा हाल, गांव में छाया मातम
जानकारी के अनुसार, सुरेश शरणागत के दो पुत्र थे, जिसमें उज्जवल शरणागत बड़ा बेटा था। जयराम पटले के भी दो पुत्र थे, जिसमें स्नेहल पटले छोटा पुत्र था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी का बयान
'ग्राम बोंडुदाकला में दो किशोरों की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। दोनों किशोर गांव के ही एक किसान के खेत में तोता पकड़ने गए थे। किसान ने फसल को जंगली सूअर से बचाने तार लगाया था। जैसे ही सुबह साढ़े नौ बजे बिजली आई, करंट तार में दौड़ा, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मामले में विवेचना की जा रही है।' - माधव शर्मा, थाना प्रभारी, किरनापुर।