
नईदुनिया प्रतिनिधि, लालबर्रा/बालाघाट। बालाघाट विधानसभा की विधायक अनुभा मुंजारे के कार्यालय और उनके करीबियों के बीच चल रहा घटनाक्रम थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। एक माह पूर्व विधायक के निज सहायक का ऑडियो वायरल होने के बाद अब एक और नया ऑडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। इस नए घटनाक्रम ने न केवल विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए है, बल्कि कांग्रेस के भीतर चल रही गहरी गुटबाजी को भी सार्वजनिक कर दिया है।
रविवार को ब्लाक कांग्रेस किसान संगठन ने कांग्रेस विधायक के विधायक प्रतिनिधि अबू शाह के खिलाफ लालबर्रा थाना में शिकायत दी है। जिसमें बताया कि कांग्रेस किसान जिलाध्यक्ष भूरू पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सरस्वार का नाम लेकर छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। पुलिस प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की हैं।
जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर लालबर्रा ब्लाक किसान कांग्रेस अध्यक्ष मुनेंद्र ठाकरे और अबू शाह के बीच बातचीत हुई हैं। यह बातचीत 28 फरवरी की शाम की बताई जा रही हैं। अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि अबू शाह विधायक का बेहद करीबी है और किसी समिति में विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत है। वैसे तो अबू शाह पर पूर्व में भाजपाइयों ने भी कई गंभीर आरोप लगाए थे।
ऑडियो में जिस लहजे और विषय पर चर्चा हो रही है, उससे साफ प्रतीत होता है कि विधायक का अपने ही करीबियों और सहयोगियों पर प्रभावी अंकुश नहीं रह गया है। अबू शाह विधायक अनुभा मुंजारे के बेहद करीबी है, जो विधायक निधि, विधायक द्वारा स्वीकृत कार्य, खनिज मद से स्वीकृत कार्य के निर्माण करता हैं।
लालबर्रा ब्लाक किसान कांग्रेस अध्यक्ष मुनेंद्र ठाकरे के द्वारा लोक निर्माण विभाग से लालबर्रा विश्राम गृह में निर्माण कार्य को लेकर सूचना का अधिकार लगाकर जानकारी मांगी थी, लेकिन ठेकेदार अबू शाह को नागवार गुजरा और उन्होंने 28 फरवरी की शाम को मुनेंद्र ठाकरे को किया और बोला रहा है कि सूचना का अधिकार क्यों लगाया है, सूचना का अधिकार उठाएगा कि नहीं, मेरा काम ठेकेदारी करना है, विधायक के कहने पर काम किया हूं।
मेरे को भूरू पटेल और सम्राट सरस्वार मत बता। उन्होंने कहा कि मैं क्यों मिलू। विधायक के कहने पर काम कर रहा हूं तो विधायक से ऊपर नहीं है तू ब्लाक अध्यक्ष है। पैसा फंसाकर काम कर रहा हूं काम गलत होगा तो विधायक बताएंगे। अबू शाह यह भी कह रहे है कि सूचना का अधिकार उठाना है कि नहीं तो सेलवा में आकर बताता हूं। थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान लालबर्रा ब्लाक किसान कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेस्ट हाउस में जो निर्माण कार्य चल रहा है वह गुणवत्ताहीन है। इसके लिए मैंने सूचना का अधिकार लगाकर कुछ जानकारी मांगी थी। 17 फरवरी को एसडीओ का फोन आया था। एक-दो दिन में सूचना का अधिकार वापस लेने वाला था, लेकिन 28 फरवरी को विधायक प्रतिनिधि अबू शाह ने फोन कर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। जिसकी शिकायत थाना में कर कार्रवाई की मांग की गई है। कार्रवाई न होने पर पंवार समाज के माध्यम से भी थाना में ज्ञापन सौंपा जाएगा। - मुनेंद्र ठाकरे, अध्यक्ष, ब्लाक किसान कांग्रेस, लालबर्रा
मामले की जांच की जा रही है
कांग्रेसियों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया है। जिसमें किसान कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष मुनेंद्र ठाकरे को जान से मारने की धमकी देने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में जांच की जा रही है। - सुनील चतुर्वेदी, थाना प्रभारी लालबर्रा।