
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बिरसा विकासखंड की अडोरी पंचायत के बैगा बहुल गांवों में बच्चों की जिंदगी छीन रहे रहस्यमयी बुखार का संक्रमण अब दूसरे गांवों में भी असर दिखा रहा है। अभी तक कुंडेकसा, कोरका, बोंदारी में बीमारी का असर था। अब मछुरदा पंचायत के गांवों में भी बच्चों में बीमारी फैल चुकी है।
बुधवार रात मछुरदा सहित आसपास के गांवों के 15 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकतर बच्चों को बुखार, चेहरे, सिर पर दाने, सर्दी-खांसी की शिकायत है। वर्तमान में कुल 25 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। राहत की बात है कि सभी खतरे के बाहर हैं। वहीं दो माह बीतने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बीमारी का पता नहीं लगा पाया है।
बैहर सीट से विधायक संजय उइके ने गुरुवार को दावा किया कि आठ नहीं 19 बच्चों की रहस्यमय बीमारी से मौत हुई है। विधायक ने जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता कर जून से अब तक जान गंवाने वाले बच्चों के नाम, माता-पिता, गांव का नाम और वजन-ऊंचाई के साथ साक्ष्य प्रस्तुत किए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम के लिए जिला प्रशासन और सरकार को कसूरवार ठहराया।
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शुक्रवार को बिरसा तहसील के कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका जैसे बैगा बहुल गांवों का दौरा कर प्रभावितों और उनके स्वजन से मुलाकात करेंगे।
यह भी बता दें कि यहां अडोरी, मछुरदा पंचायत के गांवों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। यहां के बैगा झिरिया या कुएं का पानी पीते हैं। इन गांवों में कई जगह पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन अधिकांश इलाकों में पाइपलाइन आज तक नहीं बिछ सकी है।
यह भी पढ़ें- MP Weather 14th August: 15 अगस्त को प्रदेश में शुरू होगी झमाझम वर्षा, आज इन जिलों में येलो अलर्ट