
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। जिले के लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कुलपा में दिनदहाड़े सेवानिवृत्त शिक्षक शत्रुघ्न लिल्हारे के घर में बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैंं, जिनकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
फ्रिज सुधारने के लिए गांव का एक और आमगांव से एक मैकेनिक आए थे। फ्रिज सुधारने के बाद मैकेनिक चाय पी रहे थे। इस बीच चार लोग और आए, जिन्होंने शत्रुघ्न लिल्हारे को उनके घर में मोबाइल टावर लगाने जमीन देखने की बात कही।
आधार कार्ड व बैंक की पासबुक की छायाप्रति मांगी। एक व्यक्ति गेट के पास ही खड़ा रहा और तीन लोग भी चाय पीने के बाद बाड़ी में जमीन नापजोख करने चले गए।
उसके बाद अंदर आकर बैठे गए और शत्रुघ्न लिल्हारे की पत्नी कमला बाई लिल्हारे को भी बुलाकर लाए। जिन्हें कुर्सी से बांधकर मारपीट करना शुरू कर दिया। इस बात का विरोध करने पर कमला बाई के मुंह में राड व कपड़ा भर दिया।
कमला बाई के कान, गले से जेवर उतार लिए और आलमारी में रखे पुराने जेवर व नकदी एक लाख 80 हजार लेकर फरार हो गए। इस बीच एक बंदूक से जिंदा कारतूस गिर गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डाग स्क्वाड की मदद से आसपास सर्चिंग की गई। क्षेत्र में आसपास कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। जिनमें से एक कैमरे में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद एक बाइक में सवार होकर तीन आरोपित महाराष्ट्र की ओर जाते कैद हुए हैं।
बाइक चला रहा एक युवक कपड़ा बांधे है और बीच में व पीछे बैठे युवक ने मास्क लगाया है। पुलिस इन आरोपितों तक पहुंचने के लिए महाराष्ट्र पुलिस की भी मदद ले रही है।
बता दें कि लांजी क्षेत्र में जब से बहुचर्चित डबल मनी का मामला उजागर हुआ है, उसके बाद से इस तरह की घटना सामने आ रही है। हालांकि, इस लूट की घटना में पीड़ित आरोपितों को टाॅवर लगाने जमीन का नापजोख लेने आने की बात कह रही है।
लांजी तहसील मुख्यालय में 28 जून की रात सात से आठ बजे के बीच सराफा व्यवसायी कपिल अासटकर अपने घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने बंदूक की नोक पर जेवरों से भरा बैग लूट लिया था। उस मामले के आरोपित अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जमीन की रजिस्ट्री का झांसा दिया, ओएफके के रिटायर्ड कर्मी से 8 लाख की ठगी