
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत केवलारी चौक के पास एक भीषण हादसे में कार सवार छह लोगों में से तीन की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे में 8 साल की बालिका बाल-बाल बच गई। हादसा, शनिवार रात 12 बजे कार के अचानक अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। कार सड़क के किनारे पलट गई।
इसके बाद कार में आग लग गई। पलभर में आग इतनी बेकाबू हो गई कि कार सवार तीन लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला। इस भयावह हादसे में नगारची केलकर (65), सविता केलकर (28) व अभि केलकर (3) की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि राह चलते लोगों ने किसी तरह खिड़की के कांच तोड़कर 8 साल की पूर्वी राहांगडाले को निकाला। उसके बाद वाहन चला रहे सीतम केलकर (30) और उसकी मां नानाबाई केलकर (60) को किसी तरह गंभीर अवस्था में निकाला। घायलों को बैहर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, कार चालक सीतम केलकर अपने गृह ग्राम पोंडी (परसवाड़ा) से पौनी जा रहा था, उनकी पौनी में वेल्डिंग की दुकान है।
वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया था। जहां से देर रात वह अपने माता-पिता को लेकर पौनी लौट रहा था। साथ में पड़ोस में मेहमान आई 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले भी थी, जो अपने घर पौनी वापस जा रही थी। तभी मलाजखंड रोड पर केवलारी चौराहे के समीप उनकी आल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसमें भीषण आग लग गई।

हादसा संभवतः नींद की झपकी के कारण होना प्रतीत हो रहा है। चूंकि एक टर्निंग के बाद कार सीधे नीचे की ओर सड़क से उतर गई जिसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बैहर टीआई जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के समीप एक वाहन में आग लग गई है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक बच्ची सलामत है। लोगों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला, लेकिन आग भयंकर होने के कारण तीन लोग कार में ही जल गए। प्रथम दृष्टया तेज गति की वजह से वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें : डैशबोर्ड से उठी आग और लॉक हो गए गाड़ी के दरवाजे, महू में कार ऐसे बनी मासूम का काल