
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिजासनघाट/बड़वानी। मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बिजासन घाट में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र चौकी के सामने एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे मिनी ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक भी आगे चल रहे वाहन से भिड़ गया।
हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और हाईवे कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को तुरंत शिरपुर अस्पताल भेजा गया। जहां से धूलिया रैफर किया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद हो गई, जिससे लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें चार किलोमीटर तक लग गईं। बिजासन चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार और महाराष्ट्र पुलिस व हाईवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाया गया, जिसके लगभग दो घंटे बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।
इसी तरह एक अन्य घटना में बिजासन घाट के गवाड़ी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब अंगूर से भरा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पीपलगांव (नाशिक) से अंगूर लेकर आ रहा मिनी ट्रक सुबह करीब आठ बजे चालक को अचानक नींद की झपकी आने से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही बिजासन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने चालक की हालत का जायजा लिया, जिसमें उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस द्वारा यातायात को सुचारू किया गया और ट्रक को क्रेन से हटाया।