
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। शहर में बीते चार से पांच दिनों से बनी पेयजल संकट की स्थिति को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने नगर पालिका के खिलाफ जोरदार मटका फोड़ प्रदर्शन किया। कई वार्डों में नियमित जल वितरण नहीं होने से नाराज कांग्रेस पार्षदों, कार्यकर्ताओं और रहवासियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नपा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका परिसर में जमकर बहस हुई, जबकि एक कर्मचारी के साथ विवाद की स्थिति बनने पर नपा अमला नाराज होकर वहां से हट गया।
युवक कांग्रेस नेता सचिन यादव और नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव के नेतृत्व में दोपहर करीब 2:30 बजे कारंजा चौराहे से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। तेज धूप के बीच ताशे बजाते हुए कार्यकर्ता नगर पालिका पहुंचे और परिसर में मटका फोड़कर जल संकट के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इसके बाद नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा को मौके पर बुलाकर चर्चा की गई।
कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि शहर में हर साल गर्मी के दौरान जल संकट की स्थिति बनती है, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि फिल्टर प्लांट पर केबल, मोटर और अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए ताकि तकनीकी खराबी आने पर जलापूर्ति लंबे समय तक प्रभावित न हो।
सीएमओ से चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका की टैंकर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के पास लगभग 16 टैंकर उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें से करीब 10 टैंकर खराब होकर उपयोग से बाहर हैं। ऐसी स्थिति में आपातकालीन समय में जल वितरण प्रभावित होता है।
पार्षदों ने सभी खराब टैंकरों की तत्काल मरम्मत कराने और उन्हें उपयोग योग्य बनाने की मांग की। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल कोतवाल, सुनील यादव, मनीष पुरोहित, विष्णु बंडे, पार्षद सचिन शर्मा, मुजीब कुरैशी, बाबू भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। जल संकट को लेकर सवाल-जवाब के दौरान माहौल गर्मा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक नपा कर्मचारी के साथ विवाद की स्थिति बन गई और कर्मचारी को हाथ लगाने जैसी परिस्थिति निर्मित होने पर नगर पालिका का स्टाफ नाराज हो गया।
इसके बाद सीएमओ सोनाली शर्मा, सहायक यंत्री और अन्य कर्मचारी वहां से अलग हो गए। बाद में कांग्रेस के कुछ प्रतिनिधि सीएमओ कक्ष पहुंचे, जहां जल संकट, टैंकर व्यवस्था और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें- किसानों के लिए काम की खबर... खेत ही नहीं, रसोई में भी छिपा है मिट्टी बचाने का मंत्र, जानें आसान उपाय
नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के कारण फिल्टर प्लांट की 11 केवी विद्युत केबल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई और कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच सका। उन्होंने बताया कि इंदौर से नई केबल मंगवाकर उसे स्थापित कर दिया गया है तथा फिल्टर प्लांट को पुनः चालू कर दिया गया है।
जिन वार्डों में अधिक समस्या थी वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रयास किया गया। अब तकनीकी खराबी दूर हो चुकी है और शहर में चरणबद्ध तरीके से नियमित जल वितरण शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सभी क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।