बैतूल में दर्दनाक हादसा: गलत ट्रेन में बैठा युवक चलती ट्रेन से उतरा, हादसे में कटा पैर
बैतूल जिले के धाराखोह क्षेत्र के पास चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश एक युवक के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गई। ट्रेन से उतरते समय संतुलन बिगड़ने से युवक न ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 18 May 2026 09:18:12 AM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 09:19:34 AM (IST)
दुर्घटना के बाद घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। नईदुनिया।HighLights
- गलत ट्रेन में बैठने के बाद युवक ने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की
- धाराखोह क्षेत्र के पास हादसे में युवक का एक पैर ट्रेन की चपेट में आया
- जीआरपी ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, इलाज जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। जिले के धाराखोह क्षेत्र के पास चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश एक युवक के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गई। ट्रेन से उतरते समय संतुलन बिगड़ने से युवक नीचे गिर गया, जिससे उसका एक पैर ट्रेन की चपेट में आकर कट गया।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान किशन पिता मांगीलाल गौतम (30) निवासी रत्नापुर, जिला नेपानगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशन हैदराबाद में हम्माली का काम करता है और अपने घर लौटने के लिए यात्रा कर रहा था।
गलती से दूसरी ट्रेन में बैठा
उसने बताया कि वह गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गया। कुछ समय बाद उसे पता चला कि ट्रेन उसके तय रूट पर नहीं जा रही है और इटारसी से बैतूल की ओर बढ़ रही है। घर जल्दी पहुंचने की चिंता में उसने धाराखोह के पास चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया।
चलती ट्रेन से उतरते समय युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसका एक पैर ट्रेन के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें डायवर्ट, यात्रा से पहले चेक करें टाइमिंग
जल्दबाजी में गंवाया पैर
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने जीआरपी पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया। युवक अकेले यात्रा कर रहा था।
अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने बताया कि जल्दबाजी में चलती ट्रेन से उतरने का फैसला करना उसकी बड़ी गलती साबित हुआ।
फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। जीआरपी पुलिस ने युवक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है।