
नवदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में बहू को मायके से विदा कराने पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों से मायके पक्ष के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मरामझिरी निवासी प्रवीण मरकाम रविवार शाम अपने बड़े बेटे विशाल की पत्नी को लेने के लिए ग्राम जूनापानी पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान 25 वर्षीय आकाश मरकाम और उसके बड़े भाई 28 वर्षीय विशाल मरकाम को मारपीट में गंभीर चोट आईं।
दोनों को तत्काल भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आकाश मरकाम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल मरकाम का ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है।
मृतक के पिता प्रवीण मरकाम ने बताया कि आकाश मरकाम सोनाघाटी क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालित करता था। वहीं विशाल मरकाम वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। रविवार को जब वे विशाल की पत्नी को लेने के लिए गए तो बहू के स्वजन ने उनके साथ मारपीट की, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हुए।
बताया जा रहा है कि विशाल मरकाम की पत्नी एक माह पहले एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने मायके गई थी और बाद में ससुराल नहीं लौटी। इसी कारण परिवार उसे वापस लाने जूनापानी पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंपकर पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।