बैतूल में APK फाइल से फोन हैक कर उड़ाए 1 लाख; कोतवाली पुलिस ने ओडिशा से आरोपी को किया गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी मोहम्मद आशिफ को ओडिशा के सुंदरगढ़ से गिरफ्तार कर मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
Publish Date: Wed, 26 Aug 2026 09:58:33 PM (IST)Updated Date: Wed, 26 Aug 2026 09:58:33 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो। नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल । ऑनलाइन शापिंग के दौरान इंटरनेट से कस्टमर केयर नंबर तलाशना बैतूल के एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को ऑनलाइन शापिंग के एप के कस्टमर केयर से जुड़ा बताकर पहले संपर्क किया और फिर इंटरनेट मीडिया माध्यम पर एपीके फाइल भेज दी।
मोबाइल में फाइल खोलते ही फोन हैक हो गया और आरोपित ठग ने खाते से एक लाख 1990 रुपये निकाल लिए।
मामले की जांच में जुटी कोतवाली पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित तक पहुंची और उसे उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार चूनालोहमा निवासी 42 वर्षीय बांकेबिहारी पिता अमृतलाल गोहे ने 17 फरवरी 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ऑनलाइन शापिंग एप से खरीदी गई सामग्री वापस करने के लिए इंटरनेट पर कस्टमर केयर का मोबाइल नंबर तलाश कर संपर्क किया था।
बातचीत के दौरान साइबर ठग ने इंटरनेट मीडिया माध्यम के जरिए उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजी।बांके बिहारी ने जैसे ही इस फाइल को मोबाइल में खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपित ने उनके बैंक खाते से साइबर ठगी कर ली।
ओडिशा से पकड़ाया आरोपी
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, डिजिटल साक्ष्यों और ट्रांजेक्शन से जुड़े तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की सुई ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले तक पहुंची। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान मोहम्मद आशिफ पिता मो. मुनाजिर, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम हसनपुर, थाना प्लांट साइट, जिला सुंदरगढ़, उड़ीसा के रूप में हुई।
कोतवाली पुलिस की टीम ने उड़ीसा के ग्राम हसनपुर, थाना प्लांट साइट, जिला सुंदरगढ़ पहुंचकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी से साइबर धोखाधड़ी करना किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद जब्त कर लिए हैं।