_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। गुरुवार शाम करीब छह बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पारदी ढाना निवासी बबली उर्फ नगमा सोलंकी छत पर चढ़ गईं और नीचे कूदने की धमकी देने लगीं। महिला ने टावर का गेट अंदर से बंद कर लिया था और हाथ में तरल पदार्थ की बोतल और जहरीला पदार्थ था, जिसे उसने कथित रूप से पी लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि नगमा बैतूल से सटे सोनाघाटी स्थित पारदीढाना में हुए विवाद के बाद एसपी ऑफिस पहुंची थी। उनका वहीं रहने वाले नरेश पारदी की पत्नी रामप्यारी से गुरुवार दोपहर में झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों को चोटें आई थीं। नरेश पारदी और उसकी पत्नी ने लखन पारदी और उसकी दोनों पत्नियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट कोतवाली में की, जिससे आहत होकर लखन पारदी की दूसरी पत्नी निरम पारदी ने घर में ही चूहामार दवा खा ली। उसे तत्काल ही जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया गया।
इसी दौरान लखन पारदी की पहली पत्नी नगमा पारदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गई और मारपीट करने वालों पर मामला दर्ज करने एवं अपने खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाने की धमकी देकर कूदने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक जैन ने बताया कि दो मार्च को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मामला दर्ज किया गया है। दोनों ही पक्षों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और आपसी वर्चस्व को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही है।
नगमा ने पुलिस को बताया है कि उसने चूहे मारने की दवाई का सेवन किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि डॉक्टर की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP के मुलताई में बारिश का कहर... 10 मिनट की ओलावृष्टि ने गेहूं की सुनहरी फसल पर फेरा पानी