बैतूल में मजदूरी के पैसों के विवाद में की थी युवक की हत्या, नदी में पेड़ के तने के नीचे छिपाया था शव
बैतूल के सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में पुलिस ने 24 घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मजदूरी विवाद में युवक की हत्या कर शव जलाशय में छिपाया गया था...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 18 May 2026 11:14:57 AM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 11:14:57 AM (IST)
चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड का हुआ खुलासा। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- सेल्टिया जलाशय में युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला था।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।
- मजदूरी के पैसों का विवाद हत्या की मुख्य वजह बना।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र के चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जलाशय में मिला था युवक का शव
- पुलिस के अनुसार 15 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम बट्टी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव को भारी पेड़ के तने के नीचे दबाने का प्रयास किया गया था।
- पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। मृतक के सिर, गर्दन, गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। बाद में मृतक की पहचान राजू उईके (22) निवासी ग्राम ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटें थीं। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
- जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और कुछ युवकों के बीच मजदूरी के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने हत्या की साजिश रची।
शादी समारोह के बाद दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस के मुताबिक 13 मई को मृतक राजू उईके एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। समारोह के बाद वह आरोपितों के साथ मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया।
- पूछताछ में आरोपितों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पहले राजू के साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर शव को जलाशय में छिपा दिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
- पुलिस ने मामले में रुपेश कवडे, आयुष नरें, तेजीलाल उईके और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। थाना बोरदेही में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
- पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में गंभीर अपराधों में शामिल आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।