सारनी में शिक्षक की छेड़छाड़ से तंग आकर छात्राओं ने घेरा थाना; बैतूल में आरोपी पर पॉक्सो एक्ट दर्ज, सस्पेंड
सारनी के शासकीय स्कूल की छात्राओं ने शिक्षक पर लैब में बुलाकर आपत्तिजनक व्यवहार करने और विरोध पर फेल करने की धमकी देने का आरोप लगाया।
Publish Date: Fri, 21 Aug 2026 12:21:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 21 Aug 2026 12:27:39 PM (IST)
थाना परिसर में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठी छात्राएं। नईदुनिया।HighLights
- शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप
- छात्राओं ने सारनी थाने का घेराव किया
- पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सारनी क्षेत्र में एक शासकीय स्कूल की छात्राओं ने शिक्षक की छेड़छाड़ से परेशान होकर थाने का घेराव किया।
उन्होंने कार्रवाई होने तक थाने से न हटने का ऐलान किया तो पुलिस ने 14 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया। वहीं, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने आरोपित शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
प्रिसिंपल ने नहीं सुनी तो घेरा थाना
गुरुवार को छात्राएं सारनी थाने पहुंचीं। उनका आरोप था कि शिक्षक सुनील चौधरी स्कूल की लैब में बुलाता है और आपत्तिजनक व्यवहार करता है। इसका विरोध करने पर कक्षा में फेल करने की धमकी दी गई। आरोप है कि 15 अगस्त को भी एक छात्रा के साथ ऐसी हरकत हुई।
इसके बाद 19 अगस्त को स्कूल में एक छात्रा को गलत तरीके से छुआ और बाद में लैब में आने के लिए कहा गया। प्राचार्य को लिखित शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो वे इकट्ठी होकर थाने पहुंच गईं।
पॉक्साे का मामला दर्ज
प्रदर्शन की सूचना पर कई छात्राओं के स्वजन भी थाने पहुंच गए थे। छात्राओं का गुस्सा देखकर पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक सुनील चौधरी के खिलाफ लज्जा भंग और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली।