MP में आटे की लोई में छिपाया विस्फोटक खाने से 11 गायों-बछड़ों के उड़े जबड़े, 3 की दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव में आटे की लोई में छिपाया गया विस्फोटक खाने से 11 गायों-बछड़ों के जबड़े उड़ गए। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 05 May 2026 09:58:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 05 May 2026 09:58:49 PM (IST)
घायल गाय के पास खड़े लोग।HighLights
- शिकारियों की साजिश ने ली मवेशियों की जान
- कोयलारी में बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
- विस्फोटक खाने से 11 गाएं लहूलुहान, 3 की मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव में आटे की लोई में छिपाया गया विस्फोटक खाने से 11 गायों-बछड़ों के जबड़े उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन गायों की मौत हो गई। वहीं आठ गाय-बछड़े गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत चिंताजनक है। यह विस्फोटक एक तालाब के किनारे रखे गए थे। पुलिस को सुअर का शिकार करने वालों पर संदेह है।
विस्फोटक की चपेट में आए बेजुबान
ग्रामीणों के अनुसार गांव के पास तालाब पर रोजाना की तरह मवेशी पानी पीने गए थे। मंगलवार दोपहर बाद अचानक वहां से धमाकों की आवाज आने लगी। ग्रामीण वहां पहुंचे तो देखा कि गायों-बछड़ों का मुंह खून से लथपथ है। उनके जबड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए थे। इसमें से तीन गायों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शेष घायल मवेशी वहां दर्द से तड़प रहे थे।
आटे की लोई में छिपाया गया था मौत का सामान
ग्रामीण लखन मवासे ने बताया कि आटे की लोइयों में विस्फोटक छिपाकर रखा था। जिसे खाने के बाद मवेशियों का यह हाल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बम निरोधक दस्ते की मांग की। उसके बाद नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वाड पहुंचा।
यह भी पढ़ें- भोजशाला एएसआई सर्वे रिपोर्ट: कोर्ट में पेश हुए चौंकाने वाले तथ्य, 10वीं सदी के मंदिर होने के मिले प्रमाण
शिकारियों पर पुलिस का संदेह
उप संभागीय पुलिस अधिकारी राजेश तिवारी ने कहा कि गांव के कुछ लोगों के बारे में सूचना मिली है कि वह जंगली सुअर का शिकार करते हैं। आशंका है कि उन्हीं लोगों ने इस तरह से विस्फोटक छिपाया था। मामले की जांच की जा रही है।