बैतूल में पत्नी, सास-ससुर और साले से प्रताड़ित युवक ने लगाई फांसी; सुसाइड नोट से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में सुसाइड नोट अहम सबूत बना है। जिसमें युवक ने पत्नी, सास, ससुर और साले को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
Publish Date: Fri, 24 Jul 2026 03:57:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Jul 2026 03:57:12 PM (IST)
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक रघुनाथ यादव का जीवित अवस्था का फोटो। नईदुनिया।HighLights
- युवक ने पत्नी, सास, ससुर और साले को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया
- गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपित गिरफ्तार
- सुसाइड नोट बना अहम सबूत, आरोपियों को न्यायालय में किया पेश गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल/आमला। बोरदेही थाना क्षेत्र में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, ससुर और साले को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में भी चारों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है।
मानसिक रूप से किया प्रताड़ित
पुलिस के अनुसार थाना बोरदेही में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान मृतक रघुनाथ यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम मालेगांव के स्वजन के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी कौशल यदुवंशी, ससुर अर्जुन यदुवंशी, साला गुलाब यदुवंशी और सास रेखा यदुवंशी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
जांच में यह भी पाया गया कि 27 मार्च 2026 की रात घरेलू विवाद के दौरान मृतक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था और उसने फांसी लगाकर जान दे दी थी।
पत्नी और ससुराल वालों पर आरोप
पुलिस के अनुसार मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि वह पत्नी, सास, ससुर और साले की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा है तथा अपनी मृत्यु के लिए इन्हीं चारों को जिम्मेदार मानता है।
इसी सुसाइड नोट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मर्ग जांच के बाद थाना बोरदेही में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्रकरण कायम किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गुरुवार गिरफ्तार कर लिया।