फोरलेन का डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन पर बाइक सवार दंपती पर पलटा कंटेनर, पति की मौत, पत्नी-बेटा घायल
बैतूल-नागपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ बाइक से टकरा गया। हादसे में नर्मदापुरम निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बे ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 08:00:42 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 08:00:42 AM (IST)
बैतूल में भीषण सड़क हादसा। (फाइल फोटो)HighLights
- बैतूल-नागपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पलटा।
- डिवाइडर तोड़ कंटेनर विपरीत लेन में घुसकर बाइक से टकराया।
- नर्मदापुरम निवासी विकास झरबड़े की मौके पर ही मौत।
बैतूल, नईदुनिया प्रतिनिधि। बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में ग्राम झीटापाटी गांव के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुलताई की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में घुस गया।
इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और छह साल का बेटा घायल हो गए।
मृतक नर्मदापुरम निवासी विकास झरबड़े (40 वर्ष) अपनी पत्नी मीनाक्षी झरबड़े (36 वर्ष) और बेटा देवांश झरबड़े (6 वर्ष) को लेकर तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम मोहर खेड़ा जा रहे थे। गंभीर चोट आने से घायल पत्नी और बेटे को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बच्चे के पैर में चोट आई है, जबकि पत्नी को अंदरूनी चोटें लगी हैं।
कंटेनर में भरी थीं कारें
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर काफी तेज रफ्तार में था। अनियंत्रित होकर वह डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और बाइक को चपेट में लेता हुआ सड़क से दूर खेत में पलट गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर चेन्नई से कोटा जा रहा था, जिसमें हुंडई कंपनी की कारें भरी हुई थीं।
- हादसे के बाद खेत में पलटे कंटेनर से भारी मात्रा में डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे मौके पर आग लगने का खतरा भी मंडराने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। कंटेनर के पलटने से पिछले हिस्से में दबे दंपती और बच्चे को लोगों ने मदद कर बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। हालांकि गंभीर चोट आने से विकास की जान नहीं बच पाई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को सड़क से हटाया और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।