
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतुल। नगर से सटे ग्राम कामथ में विगत 13 जून को पति-पत्नी के बीच हो रही लड़ाई की शिकायत पर पहुंची डायल 112 के आरक्षक से दो युवकों ने जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो मंगलवार इंटरनेट मीडिया माध्यम पर प्रसारित होने से मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक आरक्षक को पीट रहे हैं, साथ ही युवक ने बड़े पत्थर से आरक्षक पर हमला भी किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
एमपी के बैतुल में पति-पत्नी का झगड़ा शांत कराने पहुंची पुलिस को युवकों ने पत्थर लेकर दौड़ाया#mpcrime #mpnews #naidunia pic.twitter.com/0odr3ZpdVH
— NaiDunia (@Nai_Dunia) June 16, 2026
मुलताई थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि विगत 13 जून को कामथ निवासी दिनेश साहू ने डायल 112 को सूचना दी कि पवन बेले अपनी पत्नी को पीट रहा है। जिस पर डायल 112 मौके पर पहुंची। आरक्षक सत्येन्द्र पाल तथा विवेक पंवार ने पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े पर बीच-बचाव किया। इसी दौरान मामला बढ़ गया और आक्रोशित युवक एवं उसके साथी ने आरक्षक से मारपीट चालू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दिनेश साहू की शिकायत पर पवन बेले सहित चार लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी परिहार ने बताया कि घटना के संबंध में जब आरक्षक से पूछा गया तो उसने घटना की गंभीरता नहीं बताई और शिकायत करने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि जब मंगलवार वीडियो देखा, तब समझ में आया कि मामला गंभीर है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में मंडी शुल्क बढ़ते ही भड़के व्यापारी, रातोंरात लागू हुआ फैसला, अब बड़े आंदोलन की तैयारी
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक आरक्षक से बोल रहा है कि पहले हाथ क्यों उठाया। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बीच-बचाव के दौरान आरक्षक ने युवक को पीटा। जिसके बाद युवक एवं उसके साथ के दूसरे युवक द्वारा आरक्षक से मारपीट की गई। एसडीओपी एसके सिंह ने बताया कि चार लोगों पर मारपीट का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।