भिंड में घर जाते समय तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
भिंड में ग्वालियर-इटावा हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रामबरन जाटव की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू की। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 12:06:37 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 12:06:37 PM (IST)
सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- ग्वालियर-इटावा हाईवे पर देर रात सड़क हादसा हुआ।
- अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई।
- मृतक रामबरन जाटव शादी समारोह में गांव आए थे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में ग्वालियर-इटावा हाईवे 719 पर बिरखड़ी नहर के पास गुरुवार-शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामबरन जाटव पुत्र रामजीलाल जाटव निवासी मौजीका पुरा प्रेमनगर थाना गोरमी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रामबरन जाटव शुक्रवार रात करीब 1 बजे अपनी बाइक से अकेले होटल पर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान बिरखड़ी नहर के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामबरन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि मृतक राजस्थान में हलवाई का काम करता था। वह परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने अपने गांव आया हुआ था। हादसे के समय वह अकेले बाइक से निकले थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।
अज्ञात वाहन की कर रहे तलाश
बिरखड़ी नहर के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। रामनरेश यादव, टीआइ थाना गोहद चौराहा