भिंड SDO रामकुमार के सेवा रिकॉर्ड पर सवाल: संतान संबंधी जानकारी छिपाने की शिकायत, जांच में जुटी वन विभाग की टीम
शिकायत के अनुसार रामकुमार के शासकीय सेवा रिकार्ड में शिवांगी अरोलिया का नाम दर्ज है, जिसकी जन्मतिथि 17 सितंबर 2000 बताई गई है। वहीं शिकायतकर्ता ने समग...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 04:29:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 04:58:40 PM (IST)
वन मंडल कार्यालय भिंड। नईदुनियाHighLights
- सेवा पुस्तिका में एक बेटी
- समग्र आईडी में दर्ज हैं दो अन्य नाम।
- नियुक्ति के नियमों के उल्लंघन का आरोप।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड वन मंडल के एसडीओ रामकुमार एक नई शिकायत को लेकर विवादों में हैं। शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने मुख्य वन संरक्षक ग्वालियर और डीएफओ भिंड को आवेदन देकर एसडीओ के सेवा रिकार्ड, समग्र परिवार आइडी और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने संतान संबंधी जानकारी में अंतर होने का दावा करते हुए नियुक्ति के समय वास्तविक जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार रामकुमार के शासकीय सेवा रिकार्ड में शिवांगी अरोलिया का नाम दर्ज है, जिसकी जन्मतिथि 17 सितंबर 2000 बताई गई है। वहीं शिकायतकर्ता ने समग्र परिवार आइडी क्रमांक 50939813 में हिमांशी अरोलिया और वान्या अरोलिया के नाम दर्ज होने का दावा किया है। इसके अलावा शिकायतकर्ता ने दो अन्य बेटियों के होने का भी दावा करते हुए संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य जांच में शामिल करने की मांग की है।
नियुक्ति के समय संतान संबंधी जानकारी छुपाई
शिकायतकर्ता का कहना है कि रामकुमार की वर्ष 2009 में वनक्षेत्रपाल पद पर नियुक्ति हुई थी। आरोप है कि नियुक्ति के समय संतान संबंधी पूरी जानकारी शासन के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई। इसी आधार पर नियुक्ति के समय लागू पात्रता और सेवा शर्तों की जांच कराने की मांग की गई है।
मप्र में शासकीय सेवकों की सेवा संबंधी नियमों में संतान की संख्या से जुड़े प्रावधान रहे हैं। हालांकि, किसी कर्मचारी के मामले में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, यह संबंधित दस्तावेजों और विभागीय जांच के आधार पर ही तय किया जा सकता है।
SDO शिकायत की बात स्वीकार की
शिकायत को लेकर एसडीओ रामकुमार का कहना है, कि स्वीकार हुई है। संतान और सेवा रिकार्ड से संबंधित जानकारी उनकी व्यक्तिगत जानकारी है। इसे वह सार्वजनिक नहीं कर सकते हैं। अब शिकायत के आधार पर विभाग द्वारा सेवा रिकार्ड और समग्र परिवार आइडी समेत संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जाता है या नहीं, यह देखना होगा। जांच के निष्कर्ष के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
एसडीओ की संतान संबंधी जानकारी छुपाने की शिकायत मिली है। उसकी जांच करवा रहे हैं। आज रविवार होने के कारण अधिक जानकारी नहीं दे सकते हैं। - वीआर सिरसाम, डीएफओ भिंड