भिंड में कोचिंग जा रहे छात्रों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा, 25 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे; एक की मौत
ऊमरी थाना अंतर्गत अकोड़ा चौराहा के पास शनिवार को सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल हो गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 09 May 2026 04:08:12 PM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 04:08:59 PM (IST)
कोचिंग जा रहे छात्र की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत( फाइल फोटो)HighLights
- कोचिंग जा रहे छात्र की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत
- हादसे में घायल छात्र को ग्वालियर किया गया रेफर
- 25 मिनट तक सड़क किनारे पड़े रहे दोनों छात्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। ऊमरी थाना अंतर्गत अकोड़ा चौराहा के पास शनिवार को सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल हो गया। हादसा अकोड़ा चौराहे के पास हुआ, जहां कोचिंग पढ़ने भिंड आ रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय अजय पुत्र वीकेश यादव निवासी अकोड़ा की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी 15 वर्षीय सुदामा पुत्र लला भदौरिया गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे दोनों छात्र भिंड में कोचिंग पढ़ने के लिए निकले थे। अकोड़ा कस्बे से अकोड़ा चौराहे तक वे किसी वाहन से पहुंचे। चौराहे पर काफी देर तक कोई वाहन नहीं रुका तो दोनों पैदल ही सड़क किनारे आगे बढ़ने लगे, ताकि आगे जाकर किसी वाहन को रोक सकें। इसी दौरान ईंट भट्टा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
सड़क किनारे घायल हालत में पड़े रहे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों छात्र करीब 25 मिनट तक सड़क किनारे घायल हालत में पड़े रहे। बाद में अकोड़ा का एक व्यक्ति वहां से निकला और दोनों को पहचानकर स्वजन को सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक अजय की मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल सुदामा को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
माता-पिता की हो चुकी थी मौत, नाना के यहां रहता था अजय
बताया गया है कि अजय अपने नाना अजमेर सिंह यादव के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अजय ने इस वर्ष 10वीं की परीक्षा पास की थी और 11वीं कक्षा की तैयारी कर रहा था।