
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 61 वर्षीय फूलवती पत्नी भोगीराम बघेल निवासी इकमिली की मौत हो गई, जबकि महिलाएं और बच्चे समेत करीब 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे चौरई-असवार मार्ग पर वीरेंद्र सिंह तोमर की कोठी के पास हुई।
बताया जा रहा है कि इकमिली गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दतिया जिले के सेवढ़ा स्थित सिंध नदी के सनकुआ घाट से कलश यात्रा के लिए जल लेने जा रहे थे। गांव में शुक्रवार से बघेल समाज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू होना था। कथा से पहले महिलाओं और ग्रामीणों की कलश यात्रा निकाली जानी थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर को बृजमोहन चला रहा था। रास्ते में अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। बताया जाता है कि ट्रॉली में करीब 30 से 35 ग्रामीण बैठे हुए थे। पलटते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग ट्रॉली के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।
हादसे में यह हुए घायल
हादसे में 62 वर्षीय फूलादेवी, 18 वर्षीय अमित पुत्र कठोरे बघेल, 12 वर्षीय विवेक बघेल, 35 वर्षीय आशा देवी बघेल, 45 वर्षीय गुड्डी देवी बघेल, 14 वर्षीय अंकुश बघेल, 16 वर्षीय विशाल बघेल, 16 वर्षीय अंकित बघेल, 12 वर्षीय रोष्टी बघेल, 35 वर्षीय फुलकुंअर पुत्र राजेश बघेल, 64 वर्षीय गौरा देवी पत्नी भजनसिंह बघेल, 45 वर्षीय श्यामकुंअर पुत्र कल्लू बघेल, 40 वर्षीय ढकेली देवी पत्नी मानसिंह बघेल, 30 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी चंद्रभान बघेल, नीलम पत्नी रसाल सिंह, 8 वर्षीय अजय पुत्र शिरोमन बघेल, 10 वर्षीय देवू पुत्र चंद्रभान बघेल निवासी इकमिली घायल हो गए।
पुलिस का क्या कहना
सुरेश मिश्रा, थाना प्रभारी असवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हमीदिया में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट पर ब्रेक, थैलेसीमिया का इलाज शुरू न होने से मरीजों में निराशा