Jan Vishwas Abhiyan 2026: नामांतरण, आयुष्मान और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का मौके पर निपटारा; जानिए भोपाल में कहां लगेगा कैंप
शिविर में केवल शिकायतों की सुनवाई नहीं, बल्कि राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सेवाओं की भी समीक्षा होगी। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 01:31:53 PM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 02:19:46 PM (IST)
फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- पंचशील नगर में शुक्रवार को विशेष शिविर
- लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण
- लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को पंचशील नगर में आयोजित होने वाले विशेष शिविर को लेकर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही मौके पर ही समस्याओं के समाधान करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सुबह 10 बजे वार्ड क्रमांक-47, पंचशील नगर लिंक रोड नंबर-तीन स्थित अटल भवन के सामने विशेष शिविर लगाया जाएगा। नगर निगम के जोन 6 क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविर का उद्देश्य सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का निराकरण करना है। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
शिविर में केवल शिकायतों की सुनवाई नहीं होगी, बल्कि राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय प्रशासन और अन्य विभागों की सेवाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
इसमें अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों का राजस्व रिकार्ड में अमल, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसे विषय शामिल हैं।