
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरसिया के शाहपुरा गांव में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर बलवा हो गया। सरपंच चुनाव में वोट नहीं देने की नाराजगी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और फर्से, तलवार व लाठियों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
करीब एक घंटे तक चले संघर्ष में दोनों पक्षों के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 26 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पुलिस ने अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसडीओपी वैशाली कराहलिया ने बताया कि गांव में रहने वाले इमरत सिंह गुर्जर और हरी सिंह गुर्जर पक्षों के बीच पंचायत चुनाव से विवाद चला आ रहा था।
बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के लाखन सिंह ने सरपंच का चुनाव लड़ा था। हार के बाद उसे शक था कि विरोधी पक्ष ने उसे वोट नहीं दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
बुधवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर 15 और दूसरे पक्ष की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित अभी घायल हैं, इसलिए उनकी गिरफ्तारी इलाज के बाद की जाएगी।