भोपाल में RGPV की कैंटीन के खाने में छिपकली मिलने का आरोप, कर्मचारी ने बताया शिमला मिर्च का टुकड़ा, वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा
भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की मुख्य कैंटीन में परोसे गए भोजन में छिपकली मिलने के आरोप से हड़कंप मच गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Mar 2026 10:02:59 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Mar 2026 10:10:32 PM (IST)
HighLights
- छात्रों ने बनाया वीडियो, इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल
- कैंटीन कर्मचारियों ने छिपकली होने से किया इन्कार
- विवि प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय(RGPV) की मुख्य कैंटीन में परोसे गए भोजन में छिपकली मिलने के आरोप से हड़कंप मच गया है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया है कि डिनर के दौरान उन्हें परोसी गई सब्जी में मरी हुई छिपकली मिली, जबकि कैंटीन कर्मचारी ने इसे शिमला मिर्च का टुकड़ा बताकर मामला टालने की कोशिश की।
इसे लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(ABVP) ने आरजीपीवी के प्रबंधन के पास जाकर हंगामा किया। विद्यार्थियों का कहना है कि कैंटीन की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
विवि प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की
सोमवार को विद्यार्थियों ने कुलगुरु कार्यालय पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई और यूआइटी डॉयरेक्टर सुधीर सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपा। विवि प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि यह मामला होली के आसपास का है। उस समय विद्यार्थियों ने इसका वीडियो बना लिया था। शनिवार को इसका वीडियो बहुप्रसारित हुआ।
विद्यार्थियों का कहना था कि रात करीब 10 बजे छात्र कैंटीन में भोजन करने पहुंचे थे। उन्हें दाल, शिमला मिर्च की सब्जी, रोटी और चावल परोसे गए। भोजन करते समय एक छात्र को सब्जी का स्वाद असामान्य लगा। संदेह होने पर जब उसने सब्जी को ध्यान से देखा, तो उसमें मरी हुई छिपकली मिली।
छात्रों ने बनाया वीडियो, इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल
यह देखते ही अन्य विद्यार्थी भी चौंक गए और कैंटीन में अफरा-तफरी मच गई। विद्यार्थियों ने इसकी सूचना कैंटीन कर्मचारियों को दी, लेकिन कर्मचारियों ने इसे छिपकली मानने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि यह शिमला मिर्च का टुकड़ा है। इस दौरान विद्यार्थियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर छात्रावास घोटाला: इंजीनियरिंग छात्राओं से अवैध वसूली, पांच साल में लाखों रुपये लिए; विरोध करने पर फेल करने की धमकी
कैंटीन कर्मचारियों ने छिपकली होने से किया इन्कार
कैंटीन संचालक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भोजन में छिपकली नहीं थी, बल्कि वह शिमला मिर्च का टुकड़ा था, जिसे कर्मचारी ने खुद खाकर भी दिखाया। अभाविप के शिवम जाट का कहना है कि यह परिसर की सबसे बड़ी कैंटीन है, जहां रोजाना करीब 500 विद्यार्थी भोजन करते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।