बाइक चोरी की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत से नाराज दारोगा का जवाब: ‘अब सीएम ही ढूंढेंगे आपकी गाड़ी’
जांच अधिकारी चोरी गए वाहन की तलाश करने की बजाए पीड़ित पर ही बरस पड़े और नाराजगी जाहिर करते हुए कह दिया “अब तो सीएम साहब ही आपकी गाड़ी ढूंढेंगे।” ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 16 Jun 2026 11:07:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 16 Jun 2026 11:21:12 PM (IST)
सीएम हेल्पलाइन।HighLights
- पीड़ित बोला, 15 दिन तक न जांच हुई।
- न मौके पर पहुंचे कोई भी अधिकारी।
- शिकायत पर कमिश्नर ने लगाई फटकार।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति पुलिस कितनी संवेदनशील है, इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की शिकायत पर सामने आया है।
केस दर्ज करने की खानापूर्ति के बाद जब पुलिस ने बाइक चोरी की शिकायत को ठंडे बस्ते में डाल दिया तो पुलिस की उदासीनता से परेशान युवक ने सीएम हेल्पलाइन में इसकी शिकायत कर दी।
लेकिन जांच अधिकारी चोरी गए वाहन की तलाश करने की बजाए पीड़ित पर ही बरस पड़े और नाराजगी जाहिर करते हुए कह दिया “अब तो सीएम साहब ही आपकी गाड़ी ढूंढेंगे।”
मामला कोलार रोड स्थित एक पिज्जा आउटलेट के बाहर से बाइक चोरी का है। चूनाभट्टी निवासी जितेंद्र अहिरवार डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करते हैं।
29 मई की रात उनकी बाइक आउटलेट के बाहर पार्किंग से चोरी हो गई थी। पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन एफआईआर तो दर्ज कर ली गई, लेकिन उसके बाद जांच कागजों से बाहर नहीं निकल सकी।
जितेंद्र का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे मौजूद थे, लेकिन कई दिनों तक न फुटेज देखे गए और न ही किसी प्रकार की पूछताछ की गई। जब उन्होंने जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर शेर सिंह से संपर्क किया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ित ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
लेकिन जब दोबारा भी कोई प्रगति नहीं हुई तो पीड़ित ने फिर शिकायत दर्ज कर दी। पीड़ित के अनुसार, इसी पर नाराज होकर दारोगा ने कहा कि अब गाड़ी सीएम से ही तलाश करवाई जाए। मामले के बाद पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं कमिश्नर ने चूनाभट्टी पुलिस को फटकार लगाई है।