
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल! राजधानी के पिपलानी के नीरजा नगर में रहने वाली एक 74 वर्षीय महिला के साथ जालसाजी का एक मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के पूर्व अधिकारी की 74 वर्षीय बीएम भसीन की पत्नी रजनी भसीन से एक कथित वकील और उसके स्वजनों ने केस की पैरवी के नाम पर करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये ठग लिए। आरोपितों ने न केवल नकद राशि हड़पी, बल्कि बुजुर्ग महिला का 40 तोला सोना भी गायब कर दिया। घटना अप्रैल 2025 की है।
पिपलानी पुलिस ने इस मामले में दिल्ली निवासी मुख्य आरोपित बृजेंद्र सिंह, उसकी पत्नी रूपम और बेटी सगुन सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पिपलानी थाने के एसआई लोकपाल सिंह ने बताया कि घटना की शुरुआत तब हुई जब नीरज नगर निवासी रजनी भसीन ने 2024 में अपने एक स्वजन पर हेराफेरी का एक मामला दर्ज कराया।
महिला के 84 वर्षीय भाई ने केस की पैरवी के लिए उनका परिचय दिल्ली के कथित एडवोकेट बृजेंद्र सिंह से कराया था। मदद के बहाने आरोपित ने महिला का विश्वास जीता और फिर कानूनी प्रक्रियाओं के नाम पर मोटी रकम ऐंठना शुरू कर दिया।
एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपित ने बड़ी चतुराई से 1.65 करोड़ की भारी-भरकम राशि हड़पी और इसमें अपने, अपनी पत्नी और बेटी के बैंक खातों में रकम भी अलग - अलग कारणों से ट्रांसफर करवा ली।
हद तो तब हो गई जब आरोपित ने बुजुर्ग महिला के पति के पेंशन के खाते से 10 लाख रुपये निकलवाकर अपनी बेटी के लिए कार खरीद ली।जबकि उसे केस सिलसिले में रकम निकलने की बात कही थी।
पीड़िता ने एफआईआर में उल्लेख किया है कि आरोपित ने कानूनी सलाह के नाम पर कई कोरे और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर धोखे से हस्ताक्षर भी करा लिए। मामले में पुलिस ने देवेश डीन बिल्डर्स, अरविंद, बीना और एक अन्य अरविंद को भी सह-आरोपी बनाया है।
पिपलानी थाने के सब इंस्पेक्टर लोकपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही उनकी तलाश में दिल्ली और अन्य ठिकानों के लिए रवाना होगी।