नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद क्षेत्र स्थित एक फाइनेंस कंपनी में महिला कर्मचारी के आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर पुलिस ने उसके चार सहकर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
आरोपितों ने करीब एक साल पहले महिला कर्मचारी को एक अन्य पुरूष कर्मचारी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में सीसीटीवी कैमरे में देखा था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिया और फिर प्रबंधन को वीडियो भेज दिया।
कंपनी के प्रबंधन ने कुछ समय बाद महिला को नोटिस दिया, जिसमें उन्हें नौकरी से निकाले जाने की चेतावनी दी। नोटिस के साथ महिला का आपत्तिजनक वीडियो भी उन्हें भेजा गया था।
इस प्रकरण के बाद महिला की नौकरी तो नहीं गई और वह अभी भी कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन वीडियो शेयर करने वाले साथी कर्मचारियों पर अब मिसरोद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय महिला मिसरोद क्षेत्र स्थित एक निजी फायनेंस कंपनी में नौकरी करती है। शिकायत में उन्होंने बताया कि पिछले साल उन्हें प्रबंधन की ओर से स्पष्टीकरण नोटिस मिला था।
इस नोटिस के साथ ही एक वीडियो भी दिया गया था। इस वीडियो में पिछले साल चार अप्रैल को कंपनी के ही एक कर्मचारी के साथ वह आपत्तिजनक स्थिति में दिखी थीं।
यह पूरा फुटेज कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुआ था। उधर महिला ने वीडियो शेयर करने को लेकर इसकी शिकायत मिसरोद पुलिस से की थी।
पुलिस ने जांच के बाद भगवत दांगी, मनीष, गणेश व हंसराज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। तीन आरोपित कंपनी में ही कार्यरत हैं, जबकि एक नौकरी छोड़ चुका है। मिसरोद थाना प्रभारी रतनसिंह परिहार का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।