भोपाल मर्डर मिस्ट्री... महिला ने पकड़े हाथ और प्रेमी ने उतार दिया मौत के घाट, 4 दिन में सुलझा अंधा कत्ल
बैरसिया थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज चार दिनों के भीतर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूझबूझ से इस ह ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 10:40:58 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 10:40:58 PM (IST)
भोपाल मर्डर मिस्ट्रीनईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज चार दिनों के भीतर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूझबूझ से इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड की पटकथा प्रेम त्रिकोण के इर्द-गिर्द बुनी गई थी, जिसका अंत एक खौफनाक मौत के साथ हुआ। बैरसिया टीआइ वीरेंद्र सेन अनुसार घटना की शुरुआत 15 अप्रैल 2026 को हुई, जब शमशाबाद रोड स्थित मेगरा कला के पास हनीफ खान नामक व्यक्ति का लहूलुहान शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली दिशा और इनाम की घोषणा
मृतक के भाई राजा खान की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। शुरुआती निशान देखकर अंदेशा था कि हनीफ को गोली मारी गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कहानी बदल दी। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि हनीफ के सीने पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (देहात) रामशरण प्रजापति ने आरोपितों की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया और एसडीओपी वैशाली कराहलिया के नेतृत्व में थाना बैरसिया पुलिस, एफएसएल और क्राइम यूनिट ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
शक की सुई और हत्या की खौफनाक साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो मृतक का संपर्क सोना मीणा नामक महिला से पाया गया। कड़ियां जुड़ती गईं और पता चला कि सोना मीणा के संबंध अनुरुद्ध यादव उर्फ राजा से भी थे। मृतक हनीफ और सोना के बीच की नजदीकियां अनुरुद्ध को नागवार गुजर रही थीं। इसी रंजिश में अनुरुद्ध ने हनीफ की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस पूछताछ में जो हकीकत सामने आई वह चौंकाने वाली थी। घटना वाले दिन आरोपित अनुरुद्ध ने हनीफ का पीछा किया और मेगरा जोड़ के पास सुनसान रास्ते पर उसे रोक लिया।
महिला ने हाथ पकड़े, आरोपित ने सीने में मारे चाकू
वहां हुए विवाद के दौरान हत्या की आरोपित महिला सोना मीणा ने हनीफ के हाथ मजबूती से पकड़ लिए ताकि वह बचाव न कर सके। इसी बीच अनुरुद्ध यादव ने चाकू निकालकर हनीफ के सीने पर ताबड़तोड़ दो वार कर दिए। ज्यादा खून बह जाने के कारण हनीफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और दोनों आरोपित वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपित अनुरुद्ध यादव (32 वर्ष) को ग्राम लाडपुर (विदिशा) से धर दबोचा। वहीं सह-आरोपित सोना मीणा (40 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।