.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हिंदू युवतियों-महिलाओं का दुष्कर्म, मतातंतरण और देह व्यापार चलाने वालीं बहनें अमरीन और आफरीन बीते तीन साल से बागसेवनिया स्थित सागर रायल विला कॉलोनी में किराये से रहकर वहां आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित कर रही थीं। पुलिस कार्रवाई के बाद अब कालोनी के रहवासी और फ्लैट में काम करने वाली बाई ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पड़ोसियों का दावा है कि पिछले तीन वर्षों से संबंधित फ्लैट में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जहां देर रात तक अजनबियों की आवाजाही लगी रहती थी।
रहवासियों के अनुसार, अमरीन के फ्लैट में रोज नए-नए लोग आते थे। शाम ढलते ही आवाजाही शुरू हो जाती थी, जो आधी रात के बाद तक चलती थी। कई बार दो-दो, तीन-तीन बजे तक दरवाजे खुलते-बंद होते रहते थे। साथ ही कई बार तेज आवाज में लड़ाई होने के कारण पड़ोसियों ने कालोनी की सोसायटी में भी शिकायतें की हैं। अमरीन बीते तीन साल से सागर रायल विला के सी स्टार अपार्टमेंट में चौथे फ्लोर के फ्लैट नंबर 301 में रहती थी। उसके साथ छोटी बेटी, प्रेमी चंदन रहता था। आफरीन व मां का भी घर में कभी-कभार आना जाना होता था।
फ्लैट में काम करने वाली बाई के अनुसार लगभग हर दिन अलग-अलग लोग आते थे। पूछने पर अमरीन कहती थी कि ये दूर के रिश्तेदार हैं या दोस्त हैं। लेकिन इतने रिश्तेदार रोज कैसे आ सकते हैं। तीसरे फ्लोर पर रहने वाले पड़ोसी का कहना है कि रात के समय वह पढ़ाई करते थे। इसी दौरान रात 12 से सुबह चार-पांच बजे तक अमरीन के फ्लैट में झगड़े होते थे। कई बार जब वे विरोध करने उनके फ्लैट में गए तो हर बार नए लोग मिले, खास तौर पर महिलाएं। पूछने पर पड़ोसी को कभी फूफा-फूफी तो कभी चाचा-चाची बताते थे।
फ्लैट में आने-जाने वालों का व्यवहार भी संदिग्ध था। पार्किंग में देर रात तक गाड़ियां खड़ी रहती थीं और कई बार आपसी बहस की आवाजें भी सुनाई देती थीं। कालोनीवासियों ने जब सोसाइटी में शिकायत की तो मैनेजर ने बताया कि वे पुलिस द्वारा सत्यापित किरायेदार हैं। कालोनीवासियों ने यह भी बताया कि खिड़की से ही कचरा फेंकते थे, जिससे कई बार कारों पर कचरा गिरता था और आए दिन किसी न किसी से झगड़ा होता था।
अमरीन-चंदन को लेकर अहमदाबाद पहुंची बागसेवनिया पुलिस गुरुवार को अमरीन और उसके प्रेमी चंदन यादव को लेकर अहमदाबाद लेकर पहुंची। वहां पुलिस ने जुहापुरा क्षेत्र स्थित फ्लैट की तलाशी ली है। साथ ही उसके अन्य ठिकानों और वहां पीड़िताओं से हुए दुष्कर्म को लेकर भी जांच तेज की है। दोनों आरोपित एक मार्च तक रिमांड पर हैं।
अमरीन ने कई लोगों को दुष्कर्म के केस में फंसाया, ऐसा एक मामला कोहेफिजा में दर्ज है। बागसेवनिया पुलिस को अब तक अमरीन के द्वारा सेक्स रैकेट चलाने के काफी सबूत मिले हैं। पीड़िताओं ने भी इसके आरोप लगाए हैं। ऐसे में सामने आया है कि अमरीन ने कई लोगों को दुष्कर्म के केस में फंसाया है। ऐसा एक केस कोहेफिजा थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस उस केस को लेकर भी जांच करेगी। इसके अलावा अन्य शहरों में दर्ज ऐसे ही प्रकरणों को लेकर जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- Bhopal Sex Racket: दुष्कर्म और मतांतरण की शिकार पीड़िता का दावा- 6 अन्य हिंदू युवतियों का भी शारीरिक शोषण हुआ