नवरात्रि में प्रॉपर्टी की बंपर सेल, भोपाल में 3 दिन में डेढ़ हजार रजिस्ट्रियां; पंजीयन विभाग के खजाने में आए 15 करोड़
नवरात्र के शुभ दिनों में लोग जमकर अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां करवा रहे हैं। यही कारण है कि महज तीन दिन में डेढ़ हजार रजिस्ट्रियां हुईं और करीब 15 क ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 05:55:11 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 05:55:11 AM (IST)
3 दिन में डेढ़ हजार रजिस्ट्रियां; पंजीयन विभाग के खजाने में आए 15 करोड़ (फाइल फोटो)नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नवरात्र के शुभ दिनों में लोग जमकर अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां करवा रहे हैं। यही कारण है कि महज तीन दिन में डेढ़ हजार रजिस्ट्रियां हुईं और करीब 15 करोड़ रुपये का राजस्व पंजीयन विभाग को मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में 31 मार्च तक पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, ऐसे में लोग हर दिन अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवा सकते हैं।
हालांकि शनिवार को ईद का पर्व होने से लोगों में अवकाश का भ्रम बना रहा, जिससे कम ही लोग पंजीयन कार्यालय पहुंचे। जानकारी के अनुसार आइएसबीटी, परी बाजार और बैरसिया स्थित पंजीयन कार्यालय में हर दिन प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री का काम सुबह 10 से शाम छह बजे तक चल रहा है।
ऐसे में शनिवार को अवकाश के दिन भी पंजीयन कार्यालय खुले लेकिन लोगों में अवकाश के चलते बंद होने का भ्रम बना रहा। ऐसे में कम ही लोग कार्यालय रजिस्ट्री करवाने पहुंचे, जिससे कुल 317 रजिस्ट्रियां हुई और करीब ढाई करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को भी सभी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे और लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवा सकेंगे। इसके लिए प्रति सब रजिस्ट्रार 65 स्लॉट कर दिए गए हैं, जिससे 13 सब रजिस्ट्रार एक दिन में करीब 800 रजिस्ट्री तक कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- सैटेलाइट तस्वीरों को बनाया आधार, भोपाल में 732 लोकेशन पर प्रॉपर्टी के दामों में वृद्धि का प्रस्ताव
पहले दिन हुईं थी 653 रजिस्ट्रियां
नवरात्र के पहले दिन से प्रॉपर्टी की जमकर रजिस्ट्रियां हो रही हैं। पहले दिन 653 रजिस्ट्रियों के साथ सात करोड़ और दूसरे दिन 592 रजिस्ट्रियों के साथ पांच करोड़ 54 लाख रुपये का राजस्व मिला था। इस तरह शनिवार तक कुल एक हजार 562 रजिस्ट्रियां हुई हैं, जिनसें विभाग को करीब 15 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। ऐसे में अधिकारियों को उम्मीद है अब अंतिम दिनों में पांच हजार से अधिक रजिस्ट्रियों के साथ 100 करोड़ से अधिक का राजस्व मिलेगा।