_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मॉडल एवं अभिनेत्री त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बहुचर्चित मामले में सीबीआई की जांच जारी है। सीबीआई ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक त्विषा के आरोपित पति समर्थ सिंह और सास, सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह से लगातार पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार दोनों अधिकांश सवालों के जवाब देने से बचते रहे। दोनों से करीब तीन-तीन घंटे तक अलग-अलग पूछताछ की गई।
रात की पूरी टाइमलाइन को समझने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी का फोकस शादी के बाद त्विषा और समर्थ के रिश्तों में आए तनाव तथा घटना वाली रात की पूरी टाइमलाइन को समझने पर रहा। पूछताछ के दौरान समर्थ ने पति-पत्नी के बीच सामान्य अनबन की बात कही, लेकिन जब अधिकारियों ने 22 अप्रैल की घटना और मायके पक्ष के भोपाल आने के कारणों को लेकर सवाल किए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
सीबीआई अधिकारियों ने दांपत्य जीवन में विवाद, कथित मारपीट और कुछ ही महीनों में रिश्तों में आई खटास के कारणों को लेकर भी सवाल किए। वहीं दूसरी टीम ने गिरिबाला सिंह से घटना वाली रात के 40 मिनट के घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की।
मायके पक्ष से सामान्य बातचीत हुई थी
जांच के दौरान सीबीआई ने उस समयावधि को लेकर सवाल किए, जिसमें रात 9.40 बजे तक त्विषा की अपने मायके पक्ष से सामान्य बातचीत हुई थी, जबकि करीब 10.20 बजे दोबारा संपर्क करने पर उसकी मौत की सूचना दी गई। अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि इतने कम समय में क्या हुआ था।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान 63 वर्षीय गिरिबाला सिंह ने घबराहट और तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद एजेंसी को पूछताछ कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। बताया जा रहा है कि दोनों के बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास सामने आए हैं।
समर्थ के पुराने रिश्ते की भी जांच
सूत्रों के अनुसार सीबीआई समर्थ सिंह के एक पुराने रिश्ते की भी पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि त्विषा से विवाह से पहले समर्थ की एक युवती से बातचीत और नजदीकियां थीं। पूछताछ के दौरान इस संबंध में मां-बेटे ने जानकारी देने से इन्कार किया, हालांकि एजेंसी को इस मामले से जुड़ी कुछ जानकारियां पहले ही मिल चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- MP Weather: नौतपा में प्री-मानसून की एंट्री! भोपाल सहित कई जिलों में आंधी-बारिश; 8 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट