
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में ‘काकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) की एंट्री हो गई है। शुक्रवार को भोपाल में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा कार्यकर्ता मयंक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान नीट पेपर लीक, नर्सिंग परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से प्रभावित कई युवा और छात्राएं भी मौजूद रहीं।
प्रेस कॉफ्रेंस में कही बड़ी बात
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मयंक ने कहा कि सीजेपी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज और "शिथिल सिस्टम" के खिलाफ एक आंदोलन है। उनका कहना था कि जब युवा पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी जैसे मुद्दों पर सवाल उठाते हैं, तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया अकाउंट्स तक बैन किए जा रहे हैं।
विदेशी फॉलोअर्स और पाकिस्तानी अकाउंट्स पर जवाब
पार्टी से जुड़े विदेशी फॉलोअर्स और पाकिस्तानी अकाउंट्स के आरोपों को मयंक ने "दुष्प्रचार" बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही मध्यप्रदेश की कोर कमेटी का गठन किया जाएगा। इस आंदोलन की शुरुआत अभिजीत दीपके के मार्गदर्शन में हुई है। अभिजीत महाराष्ट्र के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं और फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।
पार्टी का दावा है कि वह उन लोगों की आवाज है जिन्हें व्यवस्था ने नजरअंदाज किया। पार्टी ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, दलबदल करने वाले नेताओं पर प्रतिबंध और मीडिया की स्वतंत्रता जैसे कई बड़े वादे अपने मैनिफेस्टो में शामिल किए हैं।
काकरोच जनता पार्टी को लेकर बोले उप मुख्यमंत्री
सीधी में भाजपा संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण समापन समारोह में शामिल होने आए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने काकरोच जनता पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि माननीय मुख्य न्यायाधीश ने बहुत ही सादगी तरीके से स्पष्टीकरण दिया है। देश में भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है। युवाओं को समझदारी से काम लेना होगा।
युवा विकसित भारत के भविष्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा विकसित भारत के भविष्य हैं। उन्हें भारत के भविष्य को देखना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन में साथ निभाना होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
ईंधन को लेकर देश संकट में
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ईंधन को लेकर देश संकट में है। हम बचत को लेकर कदम बढ़ा चुके हैं। सीधी विकसित जिले के रूप में जाना जाएगा। सीधी से सिंगरौली तक अब फोर लेन सड़क होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है और जल्द ही काम शुरू होगा। रेलवे लाइन का काम तेजी से चल रहा है। सीधी के विकास में रेल मील का पत्थर साबित होगी।
यह भी पढ़ें- MP बोर्ड के मूल्यांकन में गड़बड़ी... 12वीं की छात्रा ने मंडल को दी चुनौती, 18 हजार से ज्यादा स्टूडेंट परेशान